1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. नारायणपुर में बारूदी सुरंग में विस्फोट, एक जवान हुआ घायल

नारायणपुर में बारूदी सुरंग में विस्फोट, एक जवान हुआ घायल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Feb 21, 2025 03:47 pm IST,  Updated : Feb 21, 2025 03:47 pm IST

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बारूदी सुरंग विस्फोट में एक जवान घायल हो गया। जवान खतरे से बाहर है और उसे इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया।

बारूदी सुरंग में विस्फोट।- India TV Hindi
बारूदी सुरंग में विस्फोट। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बारूदी सुरंग में विस्फोट का मामला सामने आया है। वहीं विस्फोट की चपेट में आने से सुरक्षाबल का एक जवान घायल हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तोयमेटा और कवानार गांव के बीच जंगल में बारूदी सुरंग (आईईडी) लगाई गई थी। इसमें विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान घायल हो गया है। 

गश्त के दौरान हुआ विस्फोट

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को छोटेडोंगर थाने से जिला बल और डीआरजी के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था। अभियान के दौरान दोपहर लगभग 1.45 बजे तोयमेटा और कवानार के बीच जंगल में बारूदी सुरंग विस्फोट हो गई। इसकी चपेट में आने से डीआरजी का एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को जंगल से बाहर निकाला गया। घायल जवान की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा जा रहा है। 

माओवादी लगाते हैं बारूदी सुरंग

बता दें कि नारायणपुर सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त के दौरान सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए माओवादी अक्सर सड़कों और जंगल में कच्ची पगडंडियों पर बारूदी सुरंग लगाते हैं। इस क्षेत्र में पहले भी नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों की चपेट में आने से सुरक्षाबल के जवानों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचा है। इससे पहले 15 फरवरी को बीजापुर जिले में बारूदी सुरंग (प्रेशर बम) की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का जवान घायल हो गया था। 

पहले भी हो चुके हैं विस्फोट

इसके अलावा दंतेवाड़ा जिले में 11 फरवरी को प्रेशर बम की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का जवान घायल हो गया था। बीजापुर जिले में चार फरवरी को इसी तरह के विस्फोट में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। इससे पहले 17 जनवरी को नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए बारूदी सुरंग विस्फोट में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के दो जवान घायल हो गए थे तथा 16 जनवरी को बीजापुर में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम में विस्फोट होने से सीआरपीएफ कोबरा के दो कमांडो घायल हो गए थे। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

फिर मुश्किलों में केजरीवाल, जानिए कब पेश होगी CAG की रिपोर्ट? AAP सरकार में भ्रष्टाचार के खुलेंगे काले चिट्ठे

'हमारे सामने वक्फ बोर्ड नाम का संकट खड़ा है', नितेश राणे बोले- सनातन बोर्ड बनाई जाए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।