काली ज़ुल्फ़ें रंग सुनहरा... तेरी जवानी तौबा तौबा रे... दिलरुबा ओ दिलरुबा... इस गाने में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गरबा के कार्यक्रम में डांस किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विपक्षी पार्टी के नेता मंत्री जी पर निशाना भी साध रहे हैं। अब इस मामले पर मंत्री जी की सफाई आई है। सोशल मीडिया की टिप्पड़ी से नाराज होकर मंत्री ने चिरमिरी के गरबा मंच से बड़ा बयान दिया है।
सोशल मीडिया से ही देने वाला हूं जवाब
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का गरबा महोत्सव के दौरान सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है। मंत्री ने संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की बात कही है। इसके साथ ही मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया में सोच समझकर लिखें नहीं तो इसका जवाब सोशल मीडिया से ही देने वाला हूं, वो लिखना पढ़ना भूल जाएंगे।
कांग्रेस नेता सौरव मिश्रा ने खड़े किए सवाल
दरअसल, पिछले दिनों मनेंद्रगढ़ अस्पताल में नवजात की मौत को लेकर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा की सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आई थी। मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में प्रसव के बाद एक नवजात की मौत का मामला सामने आया था। इस मामले में परिजनों ने डॉक्टरों पर कथित लापरवाही के आरोप लगाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की थी।
अस्पताल की व्यवस्था पर उठाए थे सवाल
इसी मामले को लेकर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। पोस्ट में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पर भी टिप्पणी की और गरबा कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े किए।
मंत्री ने सोशल मीडिया की टिप्पणियों पर दी प्रतिक्रिया
इसके बाद गरबा महोत्सव के दौरान मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सोशल मीडिया पर संस्कृति और परंपराओं को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। मंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं को समाप्त करने की कोशिशों को स्वीकार नहीं किया जाएगा और इनका संरक्षण समाज की जिम्मेदारी है।
फिलहाल, इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ की राजनीति में दो मुद्दे चर्चा में हैं। एक ओर नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच और दूसरी ओर सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणियों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है।
सिकंदर खान की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
घर का सपना दिखाया, पैसे लिए और फिर गायब! छत्तीसगढ़ में 9 आदिवासी परिवारों से धोखाधड़ी