1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. सुकमा में पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर, IG बोले- माओवादियों के सरेंडर का आखिरी मौका

सुकमा में पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर, IG बोले- माओवादियों के सरेंडर का आखिरी मौका

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 29, 2026 11:00 pm IST,  Updated : Mar 29, 2026 11:00 pm IST

गृहमंत्री अमित शाह ने देश को वामपंथी नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करने के लिए 31 मार्च की डेडलाइन रखी है। इससे ठीक दो दिन पहले सुकमा में एक नक्सली को मुठभेड़ में ढेर किया गया।

naxal encounter- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : ANI

छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाकर्मियों ने एक नक्सली को ढेर कर दिया, जिसके ऊपर पांच लाख रुपये का इनाम था। रविवार को हुई मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली मारा गया, जिसके ऊपर नागरिकों की हत्या, बम लगाने और पुलिस पर हमला करने के आरोप है। यह घटना केंद्र द्वारा देश से वामपंथी उग्रवाद को खत्म करने के लिए निर्धारित 31 मार्च की समय सीमा से दो दिन पहले हुई। 

सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि गोलीबारी पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगल में हुई, जहां सुरक्षाकर्मियों की एक टीम नक्सल रोधी अभियान पर तैनात थी। 

प्लाटून कमांडर था कैलाश

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी रुकने के बाद घटनास्थल से एक नक्सली का शव और हथियार बरामद किए गए। अधिकारी ने बताया कि मृतक मुचाकी कैलाश माओवादियों की प्लाटून नंबर 31 का सेक्शन कमांडर था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था। उन्होंने कहा कि कैलाश नागरिकों की हत्या, देसी बम लगाने और पुलिस पर हमले जैसी घटनाओं में शामिल था। यह मुठभेड़ केंद्र द्वारा देश से सशस्त्र नक्सलवाद को खत्म करने के लिए निर्धारित 31 मार्च की समय सीमा से ठीक दो दिन पहले हुई है। 

माओवादियों के पास सरेंडर का आखिरी मौका

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि माओवादी कार्यकर्ताओं के लिए आत्मसमर्पण और पुनर्वास का जो अवसर उपलब्ध था, वह अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है और उनके पास इसका लाभ उठाने के लिए बहुत सीमित समय बचा है। उन्होंने माओवादी कार्यकर्ताओं से इस अवसर का लाभ उठाने, हिंसा का मार्ग त्यागने और समाज की मुख्यधारा में लौटकर शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवन जीने की अपील की। 

इस साल 27 माओवादी ढेर

छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में 27 माओवादी मारे जा चुके हैं। तीन जनवरी को बस्तर क्षेत्र में, जिसमें सात जिले शामिल हैं, दो मुठभेड़ों में 14 माओवादी मारे गए थे। पिछले साल सुरक्षा बलों ने राज्य भर में हुई मुठभेड़ों में कुल 285 माओवादियों को मार गिराया।

यह भी पढ़ें-

छत्तीसगढ़: बैलगांव में हुई अनोखी शादी, एक ही मंडप में दो दुल्हनों के साथ दूल्हे ने लिए सात फेरे, फिर किया डांस-देखें वीडियो

IPS रतनलाल डांगी पर गिरी गाज, CM विष्णुदेव बोले- खराब हो रही थी सरकार की छवि

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।