1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़: पीएम मोदी ने 5 अमृत स्टेशन का उद्घाटन किया, राज्य में 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की रेलवे परियोजनाएं

छत्तीसगढ़: पीएम मोदी ने 5 अमृत स्टेशन का उद्घाटन किया, राज्य में 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की रेलवे परियोजनाएं

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 22, 2025 06:20 pm IST,  Updated : May 22, 2025 06:20 pm IST

पीएम मोदी ने देश के कुल 103 स्टेशनों का उद्घाटन किया। इन स्टेशनों को नए तरीके से बनाया गया है और अब आम लोगों को समर्पित कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ के पांच स्टेशन इनमें शामिल हैं।

Virtuan enaguration PM modi- India TV Hindi
103 अमृत स्टेशन के वर्चुअल उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी Image Source : X/VISHNU DEO SAI

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशन का उद्घाटन किया। इनमें बिलासपुर मंडल का अंबिकापुर, रायपुर मंडल का उरकुरा, नागपुर मंडल का डोंगरगढ़, भिलाई और भानुप्रतापपुर स्टेशन शामिल हैं। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देश में कुल 103 अमृत भारत स्टेशन का उद्घाटन किया। इसमें छत्तीसगढ़ के पांच स्टेशन भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशन सहित देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। 

अमृत स्टेशन का नवीनीकरण यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल रमेन डेका उरकुरा रेलवे स्टेशन में और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। 

छत्तीसगढ़ में 35 हजार करोड़ से ज्यादा की रेल परियोजनाएं

राज्यपाल ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना केवल यात्री सुविधाओं के नवीनीकरण तक सीमित नहीं है बल्कि यह विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।'' उन्होंने कहा, ''रेलवे अब केवल यातायात का माध्यम नहीं बल्कि नये भारत की गतिशील अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।'' राज्यपाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ में इस समय 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की रेलवे परियोजनाएं संचालित हैं और वर्ष 2025-26 के बजट में राज्य को 6925 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आवंटन प्राप्त हुआ है। यह केंद्र सरकार की राज्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

पीएम के प्रति आभार प्रकट किया

डेका ने कहा कि स्टेशनों के विकसित होने से छत्तीसगढ़ में पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक समन्वय को नई ऊंचाई मिलेंगी। उनके मुताबिक, विशेष रूप से जनजातीय, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए रेलवे विकास की मजबूत कड़ी बनकर उभरेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, रेल मंत्री और भारतीय रेलवे का छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से आभार प्रकट किया और विश्वास जताया कि अमृत भारत स्टेशन सामाजिक, आर्थिक प्रगति में उत्प्रेरक की भूमिका निभाएंगे। 

अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम साय

अंबिकापुर में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आदिवासी बहुल सरगुजा जिले का मुख्यालय अंबिकापुर सहित छत्तीसगढ़ के पांच रेलवे स्टेशन अब रेलवे मानचित्र में प्रमुख स्टेशन के रूप में शामिल हो गए हैं। साय ने छत्तीसगढ़ में अमृत स्टेशन के सौगात के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। अधिकारियों ने बताया कि रायपुर के उरकुरा में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर से सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राज्य के मंत्री जबकि अंबिकापुर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और वरिष्ठ नेता मौजूद थे। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।