छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने कहर बरपाया, जिसमें एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना सुबह धरमजयगढ़-कापू मार्ग पर स्थित चाल्हा मोड़ के पास हुई। तेज रफ्तार से आ रही कार ने सबसे पहले मैनपाट निवासी अमित किण्डो (35) और सारंगढ़ निवासी फकीरचंद पटेल (40) को टक्कर मार दी, जो मोटरसाइकिल पर सवार थे। टक्कर के बाद बेकाबू हुई कार ने सड़क किनारे खड़ी एक महिला ललिता को भी कुचल दिया।
तीनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत
धरमजयगढ़ थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव ने बताया कि इस हादसे में तीनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटनास्थल पर दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। कार चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी ध्रुव ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।
कार ने मालवाहक वाहन को टक्कर मारी, 1 की मौत
एक अन्य खबर में, छत्तीसगढ़ के बेमेतरा शहर में तेज रफ्तार एसयूवी कार ने एक मालवाहक गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे एक शख्स की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपी वाहन चालक मेहर सिंह सलूजा उर्फ कृष (19) को गिरफ्तार कर लिया है, जो एक स्थानीय व्यवसायी का बेटा है।
ये भी पढ़ें-
मुंबई में 17 बच्चों को बंधक बनाने वाले शख्स का एनकाउंटर, गोली लगने से हुई मौत