1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. जंगली हाथियों का आतंक बढ़ा, घर में घुस बुजुर्ग को मार डाला, तीन दिन में 3 महिलाओं की मौत

जंगली हाथियों का आतंक बढ़ा, घर में घुस बुजुर्ग को मार डाला, तीन दिन में 3 महिलाओं की मौत

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 12, 2023 02:25 pm IST,  Updated : Sep 12, 2023 02:29 pm IST

छत्तीसगढ़ में हाथी ने घर में घुसकर एक महिला की जान ले ली। मामला कोरबा जिले का है। नगवां गांव के बैगापार मोहल्ले में जंगली हाथी के हमले में सोन कुंवर की मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

छत्तीसगढ़ के कोरबा में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। जिले के कटघोरा वनमंडल के अधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि क्षेत्र के पनगवां गांव के बैगापार मोहल्ले में जंगली हाथी के हमले में 84 वर्षीय सोन कुंवर की मौत हो गई। निशांत ने बताया कि सोमवार देर रात हाथियों का झुंड पनगवां गांव के आस-पास घूम रहा था। 

हाथियों का झुंड मोहल्ले में घुस गया 

वन विभाग ने इसके लिए गांव में मुनादी भी कराई थी। आज सुबह लगभग 4:00 बजे 42 हाथियों का झुंड बैगापारा मोहल्ले में घुस गया और एक मकान को ध्वस्त कर दिया। इस घटना के दौरान घर के लोगों ने भागकर जान बचाई, लेकिन चलने में अक्षम सोन कुंवर वहां से निकल नहीं सकीं और जंगली हाथी ने उनकी जान ले ली। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। 

आस-पास के गांवों में घूम रहा हाथियों का झुंड

अधिकारी ने बताया कि मृतका के परिजनों को तात्कालिक 25 हजार रुपये आर्थिक सहायता राशि दी गई है। शेष 5.75 लाख रुपये सभी औपचारिकता पूरी होने के बाद दिए जाएंगे । उन्होंने बताया कि हाथियों का झुंड अभी भी आस-पास के गांवों में घूम कर रहा है। झुंड की निगरानी के लिए वन विभाग के कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्र में तैनात किया गया है। क्षेत्र में दो दिनों पहले भी जंगली हाथियों ने दो महिलाओं को मार डाला था। पिछले तीन दिनों में कटघोरा वन मंडल में अब तक जंगली हाथियों के हमले में तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है और एक शख्स घायल हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।