महाराष्ट्र के नाशिक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नाशिक के इंदिरानगर इलाके में 21 वर्षीय वैष्णवी आवारे की उसके पूर्व प्रेमी साहिल लाव्हारे ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। फिर वारदात के बाद आरोपी ने युवती के मंगेतर को फोन कर कहा, "वैषु को मैंने आज खत्म कर दिया है"। पुलिस ने बताया कि इसके कुछ समय बाद आरोपी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वैष्णवी के मंगेतर को किए गए फोन कॉल ने हत्या के राज का पर्दाफाश किया। इस घटना को देखकर पुलिस भी हैरान है और कई एंगल्स से पूरे मामले की जांच कर रही है।
ब्रेकअप के बाद वैष्णवी की हो गई थी सगाई
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, वैष्णवी और साहिल पहले रिश्ते में थे, लेकिन कुछ दिनों से दोनों के बीच अनबन चल रही थी और दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया था। अलगाव होने के बाद वैष्णवी के परिवार वालों ने उसकी किसी अन्य युवक से उसकी सगाई कर दी थी और उसकी शादी होने वाली थी। बताया जा रहा है कि वैष्णवी की शादी की बात से नाराज साहिल शुक्रवार की रात वैष्णवी से मिलने उसके पास पहुंचा था। दोनों बात करते रहे और कुछ ही देर में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोपी साहिल चाकू लेकर आया था और उसने चाकू से कई बार वार कर वैष्णवी की हत्या कर दी।
कत्ल के दौरान प्रेमिका के मंगेतर को किया था फोन
घटना के दौरान उसने वैष्णवी के मंगेतर को फोन किया था। फोन पर वैष्णवी का मंगेतर दोनों की बातचीत सुन रहा था। हत्या के बाद आरोपी ने उसी कॉल पर उसके मंगेतर को वारदात की जानकारी दी, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस कुछ समझ पाती इसके कुछ देर बाद ही आरोपी साहिल का शव भी फंदे से लटका मिला। पुलिस ने अब हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल्स से दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग और सगाई के बाद उपजे विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
(नाशिक से चिराग की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
सिया, सोनम और मुस्कान से भी खतरनाक निकली हसिनी, पति को दी खौफनाक मौत, जानें पूरा मामला