1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दिल्ली में फिर एक खौफनाक वारदात, बदमाशों ने चाकुओं से तीन लोगों को गोदा, एक की हुई मौत

दिल्ली में फिर एक खौफनाक वारदात, बदमाशों ने चाकुओं से तीन लोगों को गोदा, एक की हुई मौत

 Edited By: Sudhanshu Gaur
 Published : Nov 09, 2023 10:42 pm IST,  Updated : Nov 09, 2023 10:48 pm IST

बुधवार को कुछ लोगों ने कालकाजी के पास मछली मार्केट से चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो मालूम हुआ कि यहां से घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। यहां एक घायल की मौत हो गई।

DELHI- India TV Hindi
दिल्ली में फिर एक खौफनाक वारदात Image Source : FILE

नई दिल्ली: एक तरफ जहां दिल्ली में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है तो वहीं यहां अपराध भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस सतर्कता और चाक-चौबंदी के तमाम दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे कुछ अलग ही है। यहां सरेराह लोगों पर हमले हो रहे हैं और हत्याएं हो रही हैं। ऐसी ही एक खौफनाक खबर साउथ दिल्ली जैसे VIP इलाके से आई। यहां के एक बाजार में धक्का-मुक्की के बाद चार लोगों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके दो भाई घायल हो गए।

इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मोहम्मद आज़ाद के रूप में हुई है। जबकि घायलों की पहचान मोहम्मद इरशाद और मोहम्मद शादाब के रूप में हुई है। सभी गोविंदपुरी के निवासी हैं। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने हत्या के सिलसिले में शिवम उर्फ कुणाल, सनी उर्फ लालू, सौरभ उर्फ कोकी और मोहम्मद जुनैद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात 10 बजे कालकाजी पुलिस स्टेशन में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। जिसमें मछली मार्केट, डीडीए फ्लैट्स कालकाजी में तीन व्यक्तियों की चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली। इस सूचना के बाद एक पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। लेकिन, वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि पीड़ितों को पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका था। 

एक पीड़ित की एम्स में इलाज के दौरान हुई मौत 

दक्षिण पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने कहा, "पीड़ितों में से एक आज़ाद को एम्स ट्रॉमा सेंटर में पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक अन्य पीड़ित इरशाद का चाकू और घाव से लगी चोटों का इलाज चल रहा है। तीसरे घायल व्यक्ति, शादाब को प्राथमिक उपचार मिला और उसे मदन मोहन मालवीय अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।" क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटनाओं के क्रम को एक साथ जोड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज की भी समीक्षा की और गवाहों से पूछताछ की। 

बुधवार को मीट की दुकान के पास हुई थी हाथापाई 

डीसीपी ने आगे कहा कि पता चला कि बुधवार रात करीब 9.30 बजे गोविंदपुरी में जुनैद की मीट की दुकान के पास शिवम और तीनों पीड़ितों के बीच हाथापाई हुई थी। पीड़ितों ने शिवम पर हमला किया और उसने जवाबी कार्रवाई में शादाब पर हमला कर दिया। गुस्साए शिवम ने अपने दोस्तों, सनी और सौरभ से मदद मांगी, जो दोनों पास में शराब पी रहे थे। डीसीपी ने कहा, "जुनैद के साथ मिलकर, उन्होंने जुनैद की दुकान से कसाई का चाकू उठाया और मच्छी मार्केट में पीड़ितों, आज़ाद, इरशाद और शादाब से भिड़ गए। झगड़े के दौरान आज़ाद और इरशाद को चाकू मार दिया गया, जबकि शादाब घायल हो गया।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।