1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 'गायत्री ने लगा ली फांसी', ये सुनते ही पुष्पा ने भी दी अपनी जान, एकसाथ दोनों लड़कियों की उठी अर्थी, जानें पूरा मामला

'गायत्री ने लगा ली फांसी', ये सुनते ही पुष्पा ने भी दी अपनी जान, एकसाथ दोनों लड़कियों की उठी अर्थी, जानें पूरा मामला

 Published : Dec 23, 2024 08:04 am IST,  Updated : Dec 23, 2024 08:21 am IST

पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। गांव में एक साथ दो लड़कियों की आत्महत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, मृतक के परिजन अभी कुछ भी कहने से इनकार कर रहे हैं।

दो लड़कियों ने फांसी लगाकर दी जान- India TV Hindi
दो लड़कियों ने फांसी लगाकर दी जान Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रहस्यमय ढंग से एक ही गांव की दो लड़कियों ने आत्महत्या कर ली। गायत्री नाम की एक लड़की ने सुबह फांसी पर लटक कर अपनी जान दे दी। ये खबर सुनते ही पड़ोस में रहने वाली उसकी सहेली ने भी अपने ही घर में फांसी के फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। मामले की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बारी-बारी दोनों लड़कियों के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस अब दोनों लड़कियों की आत्महत्या के वजह तलाश कर रही है। 

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

दो लड़कियों के आत्महत्याओं की यह घटना बांदा देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव जारी की है। जहां पहले 19 वर्षीय गायत्री की लाश उसके घर में ही कमरे में रस्सी के सहारे लटकी हुई बरामद की गई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुष्पा ने भी लगाई फांसी

पुलिस अभी एक लड़की की ही मौत की वजह तलाश रही थी कि, तभी अचानक मृतका के घर के ठीक बगल वाले घर से एक दूसरी लड़की पुष्पा के फांसी पर लटके होने की सूचना मिली। पुलिस ने उसकी लाश को भी नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

घर में नहीं हुआ कोई झगड़ा

परिजनों का कहना है कि लड़कियों से घर में किसी भी प्रकार की कोई कहासुनी या झगड़ा नहीं हुआ था। आत्महत्या की कोई वजह नहीं है। मृतका गायत्री के पिता ने बताया कि आज सुबह जब वह सो कर उठे तो गायत्री फांसी के फंदे में लटकी हुई थी, जिसकी उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी। 

पंखे के हुक से लटका था शव

मृतका पुष्पा के परिजनों के मुताबिक, गायत्री की खुदकुशी की खबर सुनने के बाद पुष्पा अपने कमरे में चली गई थी। करीब 11 बजे जब उसे कमरे से बुलाने के लिए उसकी मां गई तो देखा कमरे में पंखे के हुक से रस्सी के फंदे में पुष्पा लटकी हुई थी। उसकी मौत हो चुकी थी। दोनों के परिजनों का कहना है कि गायत्री और पुष्पा में बहुत अच्छी दोस्ती थी। 

दोनों के बीच संबंध के कयास

वहीं, अब गांव में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लोगों का दबी आवाज में कहना है की मृतका गायत्री और पुष्पा दोनों के बीच शारीरिक संबंध थे। दोनों मृतक लड़कियों ने एक-दूसरे के नाम भी अपने हाथ में गुदवाये हुए थीं। 

परिजन कुछ भी बोलने से कर रहे इनकार

गायत्री की मौत के फौरन बाद पुष्पा का फांसी फंदे से लटकना चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, परिजन अभी दोनों के संबंधों को लेकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। दोनों के परिजन अभी आत्महत्या की वजह बताने में पूरी तरह से असमर्थ हैं। 

पुलिस आत्महत्या के कारणों की कर रही जांच

वहीं, इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा। इस मामले में सीओ सिटी राजू प्रताप सिंह का कहना है कि दोनों लड़कियों की आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों में गहरा रिश्ता बताया जा रहा था। इस संबंध में भी जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सके।

रिपोर्ट- पंकज द्विवेदी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।