1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. तीसरी पत्नी की हत्या कर बोरे में भरा शव और बस में छोड़ दिया, फिर 23 साल तक पुलिस को छकाया, 75 की उम्र में गिरफ्तार

तीसरी पत्नी की हत्या कर बोरे में भरा शव और बस में छोड़ दिया, फिर 23 साल तक पुलिस को छकाया, 75 की उम्र में गिरफ्तार

 Reported By: T Raghavan Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 27, 2025 11:44 am IST,  Updated : Jun 27, 2025 04:07 pm IST

आरोपी व्यक्ति 23 साल तक पुलिस से बचता रहा। इस दौरान वह कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में गुमनाम जिंदगी जीता रहा। 75 की उम्र में वह अपने घर लौटा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

murder accused in police Custody- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में हत्या का आरोपी Image Source : INDIA TV

कर्नाटक के बेंगलुरू में पुलिस ने एक व्यक्ति को उसकी पत्नी की हत्या के आरोप में 23 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की उम्र 75 साल हो चुकी है। वह दो दशक से ज्यादा समय तक फरार रहा। खास बात यह थी कि वह भागकर किसी दूसरे देश या राज्य नहीं गया, बल्कि अपने ही राज्य में गुमनाम जिंदगी जीता रहा, लेकिन पुलिस के लिए कोई सुराग नहीं छोड़ा। आरोपी ने साल 2002 में कर्नाटक के कोप्पल में अपनी तीसरी पत्नी की हत्या की थी।

आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के बाद उसका शव एक बोरे में भरा था और इस बोरे को बस में छोड़कर फरार हो गया था। बस में रखे बोरे में शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था और यह मामला सुर्खियों में रहा था। यह घटना कोप्पल जिले में हुई थी, जबकि शव बाद में बगल के  बल्लारी जिले में बरामद हुआ था। पुलिस ने लंबे समय तक आरोपी को ढूंढ़ने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही। अब 23 साल आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है।

हत्या के समय 49 साल का था आरोपी

आरोपी की पहचान हनुमंतप्पा के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी रेणुकम्मा की कथित तौर पर हत्या करने के बाद से ही फरार था। गंगावती टाउन पुलिस स्टेशन में साल 2002 में मामला दर्ज किया गया था। हुसेनप्पा के बेटे हनुमंतप्पा की उम्र अपराध के समय 49 वर्ष थी। वह बदरली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जूनियर स्वास्थ्य सहायक के रूप में काम करता था और रायचूर जिले के मनवी तालुक के हलधल गांव का निवासी है।

23 साल तक पुलिस को छकाया

हनुमंतप्पा के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की थी और उसकी तलाश में टीमें लगाई थीं, लेकिन वह पुलिस से बचने में सफल रहा और कोई सुराग नहीं छोड़ा। कुछ दिन पहले ही पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी रायचूर जिले के मनवी तालुका में अपने पैतृक गांव हलाधल लौट आया है। इसके बाद पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। 

राज्य में छिपा रहा आरोपी

शुरुआती जांच से पता चलता है कि हनुमनथप्पा ने अपने घर लौटने से पहले राज्य के विभिन्न हिस्सों में गुप्त रूप से जीवन व्यतीत किया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस दौरान गिरफ्तारी से बचने में किसी स्थानीय व्यक्ति ने उसकी मदद की थी। आगे की पूछताछ जारी है और आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है। यह मामला कर्नाटक के तीन जिलों कोप्पल (जहां हत्या हुई), बल्लारी (जहां शव फेंका गया) और रायचूर (जहां गिरफ्तारी हुई) तक फैला हुआ है। आरोपी के खिलाफ मामला गंगावती नगर थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह इतने वर्षों तक कानून से कैसे बचता रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।