उत्तर प्रदेश के भदोही से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी के महज दो महीने बाद एक नवविवाहिता की उसके ससुराल वालों ने हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी। यह घटना जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र की है, जहां 22 वर्षीय रोशनी विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
गला दबाकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, मृतका के ससुराल वाले इसे आत्महत्या का मामला बता रहे हैं, जबकि रोशनी के मायके वालों ने उसके पति और ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। गोपीगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि मृतका रोशनी विश्वकर्मा के भाई संजय कुमार विश्वकर्मा की शिकायत पर पति प्रदीप विश्वकर्मा, सास राधा देवी, ससुर बलराम और ननद पूनम विश्वकर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शादी के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
प्राथमिकी के मुताबिक, गोपीगंज थाना के वार्ड नंबर- 4 निवासी रोशनी की शादी 6 मार्च 2025 को कोइरौना थाना क्षेत्र के सदाशिव पट्टी गांव के प्रदीप विश्वकर्मा से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हुई थी। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि सामूहिक विवाह में कोई दहेज न मिलने पर प्रदीप के परिवार वालों ने 31 मई को धूमधाम से दूसरी शादी करने की बात कही। इसके बाद, दूसरी शादी के बाद से ही रोशनी के ससुराल वालों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया और लगातार सोने के जेवर और नकदी की मांग करने लगे।
शव को 20 KM दूर ले जाकर छोड़ा
प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर 15 जून को ससुराल वालों ने रोशनी की हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से वे रोशनी के शव को ससुराल से लगभग 20 किलोमीटर दूर गोपीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाकर छोड़ दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पुलिस जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
डबल मर्डर से कांपी दिल्ली, डांटने से नाराज नौकर ने मां-बेटे को बेरहमी से मार डाला