1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. नोएडा से 2 साल पहले किडनैप हुआ बच्चा बरामद, शादाब से हो गया था अंश, 2 गिरफ्तार

नोएडा से 2 साल पहले किडनैप हुआ बच्चा बरामद, शादाब से हो गया था अंश, 2 गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 13, 2021 02:37 pm IST,  Updated : May 13, 2021 02:37 pm IST

उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र से वर्ष 2019 में अगवा हुए एक बच्चे को पुलिस ने गुरुवार को बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

Shadab Ansh, Boy Kidnapped, Boy Noida Kidnapped, Badaun Noida Boy Kidnapped- India TV Hindi
नोएडा में थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र से वर्ष 2019 में अगवा हुए एक बच्चे को पुलिस ने गुरुवार को बरामद किया। Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र से वर्ष 2019 में अगवा हुए एक बच्चे को पुलिस ने गुरुवार को बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार ने बताया कि जलपुरा गांव में रहने वाले बच्चे शादाब अली का जुलाई, 2019 में अपहरण हो गया था। उसके परिजनों ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर रही थाना पुलिस ने एक सूचना के आधार पर आज जनपद बदायूं से बच्चे को बरामद किया है।

’90 हजार में किया था बच्चे का सौदा’

भुवनेश कुमार ने बताया कि बच्चे को राजाराम तथा उसकी मां ने ग्रेटर नोएडा से अगवा करके बदायू जनपद में रहने वाले अपने रिश्तेदार राजेंद्र शाक्य को 90 हजार रुपए में बेच दिया था। उन्होंने बताया कि राजेंद्र शाक्य का कोई बेटा नहीं था इसलिए उसने शादाब को खरीद लिया था, तथा गांव में यह बात फैला दी थी कि उसने बच्चे को गोद लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने शादाब का नाम बदलकर अंश शाक्य रख दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने राजाराम तथा राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।

सबकुछ भूल चुका था शादाब
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन 2 सालों में राजेंद्र शाक्य के यहां रहते हुए शादाब अपने पुराने माता-पिता को भूल गया है। बच्चे की बरामदगी के बाद जब उसे पुरानी तस्वीरें दिखाई गईं, तब भी उसे बहुत कुछ याद नहीं आया। इन 2 सालों की अवधि में आरोपी राजेंद्र के घर रहते हुए उसे अपने पुराने माता-पिता के बारे में कुछ भी याद नहीं रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।