1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बुलंदशहर: तलाक के लिए दबाव बना रही थी पत्नी, मांग रही थी 20 लाख रुपये, परेशान पति ने की आत्महत्या

बुलंदशहर: तलाक के लिए दबाव बना रही थी पत्नी, मांग रही थी 20 लाख रुपये, परेशान पति ने की आत्महत्या

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 04, 2025 10:36 am IST,  Updated : Aug 04, 2025 10:36 am IST

मृतक की मां ने बताया कि उसकी पत्नी उसे लगातार परेशान कर रही थी और 20 लाख रुपये मांग रही थी। इससे परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली। दोनों ने 2017 में लव मैरिज की थी।

Ankit medha- India TV Hindi
अंकित और मेधा (बाएं), अंकित की मां (दाएं) Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक युवक ने पत्नी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतक अंकित गोयल डिप्टीगंज का रहने वाला था और उसने बुलंदशहर के एक होटल में जहर खा कर मौत को गले लगा लिया। अंकित की मां ने बहू पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी प्रताड़ना से परेशान होकर ही अंकित ने यह कदम उठाया है। हालांकि, अब तक अंकित के शव के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के काले आम इलाके में हुई। यहां एक होटल के कमरे में अंकित गोयल का शव मिला। अंकित की मौत के बाद उसकी मां ने पत्नी मेधा दुबे पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया है। 

20 लाख रुपये मांग रही थी मेधा

अंकित की मां ने आरोप लगाया है कि मेधा उसके ऊपर तलाक का दबाव बना रही थी और तलाक के लिए 20 लाख रुपये मांग रही थी। दोनों काफी समय से अलग रह रहे थे। अंकित ने कई बार मेधा को साथ रहने के लिए मनाने की कोशिश की थी, लेकिन मेधा नहीं मानी। आखिरकार अंकित ने एक होटल के कमरे में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। अंकित की मां ने बताया कि मेधा का किसी दूसरे युवक के साथ भी अफेयर चल रहा था। दूसरा युवक मैनपुरी का ही रहने वाला है।

अंकित के परिजनों ने पत्नी के खिलाफ की शिकायत

अंकित के परिजनों ने कोतवाली नगर पुलिस स्टेशन में मेधा के खिलाफ शिकायत की है। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने  मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अंकित ने एक अगस्त को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। अंकित की मौत की सूचना मेधा तक पहुंची, लेकिन वह अंतिम संस्कार में भी शामिल होने नहीं आई। कोतवाली नगर थाना प्रभारी ने जानकारी देते बताया मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

2017 में हुई थी लव मैरिज

अंकित की मां ने बताया कि दोनों 2016 में मिले थे। बैंक में साथ काम करते थे। इसी दौरान अंकित और मेधा को प्यार हुआ था। साल 2017 में अंकित ने मेघा दुबे के साथ लव मैरिज की थी। अंकित की मां ने बताया कि दोनों की सहमति से शादी हुई थी। हालांकि, शादी के बाद दोनों के बीच अनबन रहने लगी। मेधा का अफेयर किसी दूसरे युवक के साथ था। अंकित ने उसे कई बार मनाने की कोशिश की, लेकिन मेधा नहीं मानी और अंत में परेशान होकर अंकित ने मौत को गले लगाना ही ठीक समझा।

(बुलंदशहर से वरुण शर्मा की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।