1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. सगी बहनों से बलात्कार के मामले में 11 आरोपी गिरफ्तार

सगी बहनों से बलात्कार के मामले में 11 आरोपी गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 30, 2020 03:55 pm IST,  Updated : Jul 30, 2020 03:55 pm IST

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में दो नाबालिग सगी बहनों के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं।

Chhattisgarh: Two minor sisters gangraped in Balodabazar; 11 held- India TV Hindi
Chhattisgarh: Two minor sisters gangraped in Balodabazar; 11 held Image Source : PTI

बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में दो नाबालिग सगी बहनों के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यहां बताया कि जिले में दो नाबालिग सगी बहनों से बलात्कार के मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों अजय वर्मा (25), सोहन ध्रुव (19), राजेन्द्र डहरिया (23), शिवम वर्मा (18), पीयूष वर्मा (19), राकेश डहरिया (23), जगन्नाथ यादव (24), राकी घृतलहरे (19) और गोपी साहू (19) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस महीने की 28 तारीख को महिला हेल्पलाइन 181 पर एक नाबालिग लड़की ने फोन पर दो माह पूर्व अपने और अपनी सगी नाबालिग बहन के साथ हुई बलात्कार की घटना के बारे में जानकारी दी थी। बहनों की उम्र 14 और 16 वर्ष है। अधिकारियों ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस दल ने 29 जुलाई को पीड़िता के पिता से मुलाकात की और घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। 

बालिकाओं ने बताया कि वे लगभग दो माह पूर्व 31 मई को अपने दो पुरुष मित्रों गोपी साहू और कमलेश उर्फ राकी के साथ घूमने गई थीं। वापसी के दौरान नौ आरोपियों (जिनमें दो नाबालिग लड़के भी शामिल थे) ने लड़कियों के दोनों पुरुष मित्रों से कथित तौर पर मारपीट कर उन्हें वहां से भगा दिया तथा बालिकाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान आरोपियों ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया और बालिकाओं को घटना के संबंध में किसी को भी कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद लड़कियां डर गईं और इस संबंध में किसी को भी नहीं बताया। लेकिन इसके बाद आरोपी बालिकाओं को लगातार धमकी दे रहे थे जिससे परेशान होकर उन्होंने महिला हेल्पलाइन से मदद मांगी। 

उन्होंने बताया कि बालिकाओं से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने पलारी थाना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया तथा 11 आरोपियों को रिपोर्ट दर्ज होने के 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकरण के दो आरोपी पूर्व में रायपुर क्षेत्र में हत्या के आरोप में गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।