1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. Delhi Crime: परिवार की कलह ने रिश्ता किया शर्मसार, संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने ही कर दी छोटे भाई की हत्या

Delhi Crime: परिवार की कलह ने रिश्ता किया शर्मसार, संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने ही कर दी छोटे भाई की हत्या

 Published : Sep 18, 2022 07:50 pm IST,  Updated : Sep 18, 2022 07:50 pm IST

Delhi Crime: दिल्ली में एक परिवार में पारिवारिक कलह के चलते बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की कैंची घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक अगस्त 2022 में संपत्ति को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के कारण आरोपी रोहित को उसकी मां ने संपत्ति से बेदखल कर दिया था।

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image Image Source : FILE PHOTO

Delhi Crime: दिल्ली में पारिवारिक कलह के बाद कैंची घोंपकर अपने छोटे भाई की हत्या करने के आरोप में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक अगस्त 2022 में संपत्ति को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के कारण आरोपी रोहित को उसकी मां ने संपत्ति से बेदखल कर दिया था। पुलिस ने कहा कि यह घटना शनिवार की रात पूर्वोत्तर दिल्ली के नंदनगरी इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार रात साढ़े 10 बजे जीटीबी अस्पताल से यश को घायल अवस्था में भर्ती किए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में यश को मृत घोषित कर दिया गया। 

आरोपी चाहती था उसके नाम पर रजिस्टर हो घर

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक अस्पताल में माया देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति एक फोटो स्टूडियो चलाते थे, लेकिन 2020 में उनकी कोविड-19 के कारण मौत हो गई। माया देवी के मुताबिक उनके तीन बेटे हैं - रोहित (25), प्रशांत (23) और यश (21), तीनों अविवाहित हैं। पूछताछ में पता चला कि माया देवी के पति की मृत्यु के बाद घर उसके नाम पर स्थानांतरित कर दिया गया था लेकिन रोहित चाहता था कि घर उसके नाम पर रजिस्टर हो। 

आरोपी को कर दिया था संपत्ति से बेदखल 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी बात को लेकर वह शराब पीता था और झगड़ा करता था। अधिकारी ने कहा कि उसके शराबी और झगड़ालू रवैये से परेशान होकर माया देवी ने अगस्त 2022 में रोहित को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार इसी बात को लेकर शनिवार की रात परिवार में झगड़ा हो गया और पुलिस बुलाने के बाद नशे की हालत में रोहित को जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया। 

अस्पताल से लौटने के बाद किया झगड़ा

अधिकारी के मुताबिक अस्पताल से घर लौटने के बाद रोहित फिर मां और भाइयों से झगड़ा करने लगा। वह अपने भाइयों प्रशांत और यश के पीछे दौड़ा और यश की छाती पर कैंची से हमला किया। गंभीर रूप से घायल यश को परिवार द्वारा अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया और हत्या के सिलसिले में उसके बड़े भाई रोहित को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।