1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दिल्ली: मयूर विहार इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, अर्श डल्ला गैंग के 2 बदमाशों को गोली लगी

दिल्ली: मयूर विहार इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, अर्श डल्ला गैंग के 2 बदमाशों को गोली लगी

 Edited By: Amar Deep
 Published : Nov 27, 2023 09:26 am IST,  Updated : Nov 27, 2023 12:09 pm IST

दिल्ली पुलिस ने मयूर विहार इलाके से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने चेकिंग के दौरान इन्हें रुकने का इशारा किया। इसपर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी है।

अर्श दल्ला गैंग के दो बदमाशों को लगी गोली।- India TV Hindi
अर्श दल्ला गैंग के दो बदमाशों को लगी गोली। Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली में देर रात बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है। पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया है। दोनों बदमाश अर्श डल्ला गैंग से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। दोनों की पहचान राजप्रीत सिंह और वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस अभी इस मामले से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है। बता दें कि यह मुठभेड़ नोएडा से अक्षरधाम जाने वाले रोड पर मयूर विहार इलाके में हुई है। फिलहाल दोनों बदमाश गोली लगने की वजह से घायल हैं और दोनों को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस टीम पर की फायरिंग

दरअसल, नोएडा से अक्षरधाम की ओर से जाने वाले रोड पर मयूर विहार फेस वन में यह मुठभेड़ हुई। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम यहां मयूर विहार फेस वन में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो लोग नोएडा की तरफ से आते हुए दिखे। पुलिस की टीम ने इन्हें रुकने का इशारा किया। वहीं पुलिस को देख कर बदमाश किनारा करके भागने लगे। इसपर पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। पुलिस की टीम बदमाशों के पीछे लगी तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की फायरिंग से बचने के लिए दिल्ली पुलिस के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई के तौर पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। 

जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

इस जवाबी कार्रवाई में बाइक पर सवार दो बदमाशों को गोली लग गई। गोली लगने से दोनों बाइक सवार बदमाश मौके पर ही गिर गए। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों बदमाश अर्श डल्ला गैंग से जुड़े हैं। फिलहाल दोनों बदमाश घायल बताए जा रहे हैं और दोनों का एलबीएस अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस ने बदमाशों के पास से हथियार भी बरामद किया है। पुलिस की मानें तो बदमाश भागने की फिराक में थे और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जवाब में मुठभेड़ हुई। वहीं पुलिस की टीम अभी मामले की गहनता से जांच कर रही है। मौके पर पुलिस बल की अतिरिक्त टीम को भी बुला लिया गया है।

यह भी पढ़ें- 

पति ने घर की सफाई के लिए कहा तो पत्नी ने काट लिया कान, दर्द से तड़पता रहा शख्स!

दिल्ली के आसमान पर छाए बादलों ने दिया बारिश का संकेत, जानें क्या है मौसम विभाग का अनुमान?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।