1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. एबॉर्शन नहीं होने पर प्रेमिका की हत्या कर जंगल में दफनाया, कंकाल मिला तो हुए खौफनाक खुलासे

एबॉर्शन नहीं होने पर प्रेमिका की हत्या कर जंगल में दफनाया, कंकाल मिला तो हुए खौफनाक खुलासे

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 21, 2025 04:31 pm IST,  Updated : Apr 21, 2025 04:31 pm IST

सुनातंग जंगल से एक युवती के कंकाल मिलने के बाद हत्या के चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मृतक महिला प्रेग्नेंट थी और उसके प्रेमी ने ही उसकी हत्या की थी।

मृतक युवती (बाएं) और आरोपी (दाएं)- India TV Hindi
मृतक युवती (बाएं) और आरोपी (दाएं)

ओडिशा के मलकानगिरी जिले के सुनातंग जंगल से एक युवती के कंकाल मिलने के बाद एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के मुरतुंडा गांव की रहने वाली 25 वर्षीय मंगलदेई नाग के रूप में हुई है। इस हत्या के आरोप में पुलिस ने पोंडम गांव, सुकमा के रहने वाले 20 वर्षीय छात्र उमेश नाग को गिरफ्तार किया है।

12 अप्रैल को जंगल में कंकाल मिलने के बाद पहले तो पुलिस ने इसे एक सामान्य मौत माना, लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई और अन्य सबूत मिले, तो यह मामला हत्या का निकला। मृतका की पहचान उसके कपड़े और सामान से हुई, जिसकी उसके परिवार ने भी पुष्टि की।

एक साल से रिश्ते में थे दोनों

जांच में पता चला कि उमेश और मंगलदेई पिछले एक साल से रिश्ते में थे। मंगलदेई गर्भवती हो गई थी और उमेश इस बात को छुपाना चाहता था। पुलिस के अनुसार, 20 मार्च को उमेश ने मंगलदेई को मलकानगिरी जिला अस्पताल गर्भपात के लिए ले गया था। लेकिन अल्ट्रासाउंड के बाद डॉक्टरों ने गर्भपात करने से मना कर दिया।

कंकाल मिलने पर जांच हुई तेज 

इससे परेशान होकर उमेश ने एक खौफनाक योजना बनाई। वह मंगलदेई को सुनातंग जंगल ले गया, जहां उसने उसकी हत्या कर दी और शव को दफना दिया, ताकि कोई सबूत न मिले। हालांकि, कुछ दिनों बाद जब कंकाल मिला और जांच तेज हुई तो यह राज सामने आ गया।

क्राइम सीन का हुआ रिक्रिएशन 

मलकानगिरी पुलिस ने बताया कि आरोपी को सुकमा से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे पूछताछ के लिए मलकानगिरी लाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा, "हमने शव बरामद किया, पहचान की पुष्टि करवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया। घटनास्थल का क्राइम सीन रिक्रिएशन भी हो चुका है। पीड़िता के कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं। हम न्याय दिलाने के लिए सख्त कदम उठाएंगे।" फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

"मैंने राक्षस को मार दिया", कर्नाटक के पूर्व DGP की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, पुलिस का सनसनीखेज खुलासा

राफ्टिंग करने का क्या है नियम, जान लीजिए, उत्तराखंड में इसे इग्नोर करने वाला युवक बह गया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।