उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में एक चचेरे भाई ने कक्षा 7वीं में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा संग दुष्कर्म किया। गुरुवार को पुलिस ने यह जानकारी साझा की है। अपर पुलिस आयुक्त (एसीपी) मोदीनगर, ज्ञान प्रकाश राय ने इस घटना पर बताया कि आरोपी के पिता ने अपनी पत्नी की मौत के बाद खाना बनाने के लिए लड़की को बुलाया था। कुछ दिन रहने के बाद एक सप्ताह पहले आरोपी उसे गांव छोड़ने गया था। उन्होंने बताया कि घटना के दिन देर रात होने के कारण आरोपी लड़की के ही घर पर रुका था।
नाबालिग बहन का चचेरे भाई ने किया रेप
इस दौरान परिवार के जब सभी सदस्य सो गए तो रात के वक्त चुपके से आरोपी नाबालिग के कमरे में घुस गया, जहां नाबालिग अकेले सो रही थी और उसने दुष्कर्म किया। एसीपी राय ने बताया कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। उन्होंने बताया कि सदमें में आई लड़की ने किसी के सामने एक शब्द भी नहीं बोला। जब उसे पेट में तेज दर्ज हुआ तो उसके परिवार वाले उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए। पूछताछ करने पर नाबालिग पीड़िता ने अपनी आपबीति बताई। एसीपी ने बताया कि परिजनों ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
बहराइच में भी हुई थी ऐसी घटना
बता दें कि उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भी ऐसा ही एक मामला देखने को मिला था। यहां जिले के फखरपुर इलाके में एक शख्स ने अपनी बहन को ही हवस का शिकार बना लिया। दरअसल घर में बहन जब अकेली थी तो आरोपी भाई ने उसके साथ बलात्कार किया। जानकारी के मुताबिक, फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 साल की लड़की ने आरोप लगाया है कि उसके 32 साल के भाई ने उसके साथ बलात्कार किया है। ये घटना बीते रविवार को घटी है। पुलिस को दी गई शिकायत में लड़की ने आरोप लगाया है कि आरोपी भाई ने उसे घर में अकेले देखकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
(इनपुट-भाषा)