Kolkata law student gangrape: 'वो तीन घंटे मेरा रेप करता रहा, सांस रुकने लगी तो...', जानें केस में अबतक क्या क्या हुआ?
Kolkata law student gangrape: 'वो तीन घंटे मेरा रेप करता रहा, सांस रुकने लगी तो...', जानें केस में अबतक क्या क्या हुआ?
Edited By: Kajal Kumari@lallkajal
Published : Jun 29, 2025 07:05 am IST,
Updated : Jun 29, 2025 07:05 am IST
कोलकाता के लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ हुए गैंगरेप मामले में कई खुलासे हुए हैं। उसकी मेडिकल रिपोर्ट में भी उसके शरीर पर चोट के निशान के सबूत मिले हैं। जानिए इस केस में अबतक क्या क्या हुआ...
Image Source : FILE PHOTO
कोलकाता गैंगरेप केस का आरोपी
कोलकाता के लॉ कॉलेज की 24 वर्षीया छात्रा के साथ गैंगरेप मामले में आई मेडिकल रिपोर्ट में कई खुलासे हुए हैं। पीड़िता के शरीर पर दांत से काटे जाने और गले पर खरोंच के निशान मिले हैं। उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए जाने की भी पुष्टि हुई है। पीड़िता ने बताया कि, 'मनोजीत मुझे वॉशरूम के पास ले गया और शारीरिक संबंध बनाने के इरादे से जबरदस्ती करने लगा। मैंने उसे धक्का देते हुए कहा कि मैं ऐसा नहीं कर सकती, मैं किसी के साथ रिश्ते में हूं, मेरा एक बॉयफ्रेंड है। लेकिन वो नहीं माना और जबरदस्ती करता रहा। मुझे तब पैनिक अटैक आ गया और मेरी सांस उखड़ने लगी। तो उसने इनहेलर लाकर दिया।'
घटना 25 जून की शाम की है, जो लॉ कॉलेज के कैंपस में ही घटित हुई है। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों सहित एक गार्ड सहित चार लोग गिरफ्तार हुए हैं। घटना का मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा है और दो दोस्तों ने उसकी मदद की थी जिनका नाम जैब अहमद और प्रमित मुखोपाध्याय है।
10 प्वाइंट्स में जानें इस केस में अबतक क्या क्या हुआ
26 जून को कोलकाता के कसबा थाने में एक 24 साल की लॉ स्टूडेंट पहुंची और उसने बताया कि 25 जून की शाम कोलकाता लॉ कॉलेज कैंपस में मेरे साथ बलात्कार हुआ है। उसने कॉलेज के एक पूर्व छात्र मनोजीत मिश्रा और कॉलेज के दो अन्य छात्र जैब अहमद और प्रमित मुखर्जी को आरोपी बनाया था। पीड़िता का आरोप था कि जब वो गार्ड रूम में मनोजीत के साथ थी तो जैब और प्रमित ने बाहर से गार्ड रूम का गेट बंद कर दिया। मनोजीत ने तीन घंटे तक मेरा रेप किया।
पीड़िता की शिकायत के 12 घंटे के अंदर पुलिस ने मनोजीत मिश्र और उसके साथी- जैब अहमद और प्रमित मुखर्जी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन सभी पर गैंगरेप की धारा में मामला दर्ज कर कोलकाता की अलीपुर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर तीनों आरोपियों को 1 जुलाई तक के लिए पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया है।
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद 28 जून को कॉलेज के गार्ड पिनाकी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। फोरेंसिक जांच के लिए कॉलेज कैंपस को सील कर दिया गया है।
पीड़िता के दर्ज किए गए एफआईआर के मुताबिक, वह 25 जून की दोपहर 12:05 बजे परीक्षा का फॉर्म भरने कॉलेज गई थी। फॉर्म भरकर वह अन्य छात्रों के साथ यूनियन रूम में बैठी थी। तभी मनोजीत अंदर आया, जो अनऑफिशियली कॉलेज की टीएमसीपी यूनिट का हेड है और सब उसकी बात सुनते हैं। वो सबको टीएमसीपी में पोस्ट दे रहा था और उसने मुझे भी गर्ल्स सेक्रेटरी की पोस्ट दी थी।
छात्रा ने बताया कि, इन सबके बाद करीब शाम चार बजे जब कुछ स्टूडेंट्स कॉलेज से जाने लगे तो मैं भी घर जाने के लिए कैंपस से निकली। कॉलेज के मेन गेट पर मुझे जनरल सेक्रेटरी मिल गईं। फिर हम यूनियन रूम के सामने बैठकर बातें करने लगे। तभी मनोजीत बिस्किट का एक पैकेट लेकर वापस आया और मुझे टीएमसीपी यूनिट के बारे में बात करने के लिए यूनियन रूम में बुलाकर ले गया।
कमरे में प्रमित, मनोजीत और जैब मिले। कुछ देर बाद मनोजीत ने मुझसे पूछा कि क्या प्रमित ने तुम्हें सब समझा दिया। मैंने कहा- हां। मनोजीत बोला- नहीं, यूनियन के बारे में नहीं, शादी के बारे में। तभी उसने मुझे शादी के लिए प्रपोज किया। मैंने मनोजीत को बताया कि मेरा बॉयफ्रेंड है और मैं उसे बहुत प्यार करती हूं। मैं उसके साथ रिश्ते में हूं, उसे नहीं छोड़ सकती। इस बातचीत के बाद हम यूनियन रूम में चले गए।
इसके बाद करीब शाम के 7:30 बजे मैं अपना सामान लेकर रूम से निकलने लगी, तभी मनोजीत ने मुझे रोका और उसने जैब और प्रमित को इशारे से कमरे के बाहर भेज दिया। दोनों ने कमरे को बाहर से लॉक कर दिया। फिर मनोजीत मुझे वॉशरूम के पास ले गया और जबरदस्ती करने लगा। मैंने मना किया, लेकिन वह नहीं माना। मुझे पैनिक अटैक आया और सांस उखड़ने लगी तो बाहर खड़ा जैद इनहेलर लेकर अंदर आया। इनहेलर लेने से मेरी तबीयत कुछ ठीक हुई तो मैं बाहर आ गई। तब मैंने देखा कि उन्होंने मेनगेट लॉक कर दिया है। गेट पर खड़े गार्ड ने भी मेरी मदद नहीं की।
फिर मनोजीत के कहने पर जैद और प्रमित मुझे जबरदस्ती गार्ड रूम में ले गए और गार्ड से बाहर बैठने को कहा। मनोजीत मेरे साथ रेप करने लगा। जब मैंने खुद को बचाने की कोशिश की, तो उसने मुझे ब्लैकमेल किया और धमकी दी कि वह मेरे बॉयफ्रेंड को मार देगा और माता-पिता को अरेस्ट करवाएगा। उसने मुझे रेप के दौरान बनाए मेरे दो वीडियो दिखाए और कहा- अगर को-ऑपरेट नहीं किया या मेरे बुलाने पर नहीं आई तो सबको वीडियो दिखा देगा।
जब मनोजीत मेरा रेप कर रहा था, तब प्रमित और जैद खड़े सब देख रहे थे। मेरे सिर में बहुत चोट आई, लेकिन उसने मुझे नहीं छोड़ा। उसने मुझे हॉकी स्टिक से भी मारने की कोशिश की। मैंने खुद को एक लाश की तरह छोड़ दिया। इसके बाद मैं रात को 10:50 बजे उस कमरे से एक लाश की तरह निकल पाई।
जब मैं जाने लगी तो मनोजीत ने धमकाते हुए कहा- लोगों से कहना कि हम यूनिट के बारे में चर्चा कर रहे थे। मेरा फोन जैद के पास था, मैंने यूनियन रूम में जाकर उससे अपना फोन लिया और कॉलेज से बाहर चली आई। फिर मैंने अपने पापा को कॉल करके बुलाया और पूरी बात बताई। पहले मैं उसके खिलाफ एफआईआर लिखवाने में डर रही थी, लेकिन अब मैं पीछे नहीं हटूंगी।'