1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पति ने पत्नी की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया, पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

पति ने पत्नी की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया, पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 13, 2026 10:02 am IST,  Updated : Jun 13, 2026 10:07 am IST

बिहार के बगहा में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर उसकी लाश को आम के पेड़ से लटका दिया ताकि हत्या को आत्महत्या जैसा दिखाया जा सके।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

बगहा के लौकरिया थाना क्षेत्र में आम के पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव हत्या का मामला निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की और फिर शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। बगहा एसपी के निर्देश पर रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में गठित टीम ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। 

10 जून को पेड़ से लटका मिला था शव

जानकारी के मुताबिक, 10 जून की रात नरकटी गांव के एक आम बगीचे में महिला का शव पेड़ से लटका मिला था। अगले दिन उसकी पहचान गरकटी गांव निवासी 24 वर्षीय हेमलता कुमारी के रूप में हुई। मामले की जांच के दौरान पुलिस मृतका के घर पहुंची, जहां पुलिस को देखते ही पति गौतम काजी भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की।

खेत में ले जाकर मार डाला

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घरेलू विवाद के दौरान उसने ईख के खेत में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। बाद में शव को आम के पेड़ से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या लगे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या स्थल की पहचान की और महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

पत्नी की हत्या को आत्महत्या दिखाने की आरोपी की साजिश ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक जांच से महज 24 घंटे में पूरे मामले का खुलासा हो गया। फिलहाल आरोपी पति जेल भेज दिया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को हुआ शक

जांच के दौरान मिले सबूतों से आत्महत्या की थ्योरी पर शक पैदा हुआ। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए हेमलता के पति गौतम काजी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान, उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी के साथ बहस हुई थी और उसने उसे पीटा था। इसके बाद वह उसे गन्ने के खेत में ले गया, जहां गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उसने कथित तौर पर कुछ समय तक लाश को छिपाए रखा और बाद में रात में उसे आम के पेड़ से लटका दिया ताकि मौत को आत्महत्या का मामला दिखाया जा सके।

दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का मामला दर्ज 

पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। SP रामानंद कौशल ने कहा कि पुलिस इस मामले में त्वरित सुनवाई की मांग करेगी और यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेगी कि आरोपी को जल्द से जल्द सजा मिले।

रिपोर्टः अमित कुमार, बगहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।