1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. Jharkhand News: महिला को डायन बता निर्वस्त्र कर लाठी-डंडों से पीटा, बचाने आए पति और 2 बेटियों पर भी जानलेवा हमला

Jharkhand News: महिला को डायन बता निर्वस्त्र कर लाठी-डंडों से पीटा, बचाने आए पति और 2 बेटियों पर भी जानलेवा हमला

 Published : Sep 08, 2022 03:56 pm IST,  Updated : Sep 08, 2022 03:56 pm IST

Jharkhand News: महिला के कपड़े फाड़ दिए गए और लगभग निर्वस्त्र हो गई। दंबग हमलावरों से बचने के लिए वह उसी हाल में भागी तो दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। उसने किसी तरह भागकर जान बचाई।

महिला को डायन बताकर...- India TV Hindi
महिला को डायन बताकर पीटा Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

Highlights

  • झारखंड के गढ़वा जिले के भवनाथपुर की घटना
  • निर्वस्त्र कर लाठियों से दौड़ा-दौड़ाकर महिला को पीटा गया
  • बचाने आए पति और दो बेटियों को भी पीटकर घायल कर दिया

Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना अंतर्गत अधौरा गांव में एक शर्मसार कर देने वाली घटना में एक महिला को डायन करार देकर उसे लगभग निर्वस्त्र कर दिया गया और लाठियों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। महिला को बचाने की कोशिश करने पर उसके पति और दो बेटियों को भी पीटकर घायल कर दिया गया। दबंग हमलावरों के खौफ के चलते दो दिनों तक पीड़िता और परिजन अपने घर में चुपचाप कैद रहे। कुछ लोगों ने हिम्मत बंधाई तो इस मामले की शिकायत पुलिस को की गई।

सबसे हैरान करने वाली बात यह कि महिला पर शर्मनाक अत्याचार करने वालों की अगुवाई गांव का एक निर्वाचित वार्ड सदस्य अमरनाथ उरांव कर रहा था। FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी वार्ड सदस्य सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल 11 लोग नामजद किए गए हैं। नौ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

ये है पूरा मामला

बताया गया है कि बीते पांच सितंबर की रात 9 बजे गांव के ही रहने वाले वार्ड सदस्य अमरनाथ उरांव सहित 11 लोग मेरे घर में घुस आए और महिला को डायन करार देकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। महिला के कपड़े फाड़ दिए गए और लगभग निर्वस्त्र हो गई। उनसे बचने के लिए वह उसी हाल में भागी तो दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। उसने किसी तरह भागकर जान बचाई।

पंचायत में कहा गया कि महिला पुलिस में शिकायत नहीं करेगी
महिला का पति बचाव में आया तो उसे भी बुरी तरह पीटा गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के अनुसार इस मामले को गांव की पंचायत में दबाने की कोशिश हुई। पंचायत में कहा गया कि वह पुलिस में शिकायत नहीं करेगी। इसे सामाजिक तौर पर सुलझा लिया जाएगा। दो दिन बाद महिला ने कुछ लोगों द्वारा हिम्मत बंधाये जाने पर शिकायत दर्ज कराई तो उस पर केस वापस लेने का दबाव डाला जा रहा है। ऐसा न करने पर खतरनाक अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।

दो युवकों को सांप ने डंसा तो महिलाओं की पीट पीटकर हत्या
आपको बता दें कि इससे 3 दिन पहले ऐसी ही एक वारदात झारखंड की राजधानी रांची से 50 किलोमीटर सोनाहातू थाना क्षेत्र के राणाडीह गांव में हुई। यहां गांव के दो युवकों को सांप ने डंस लिया तो इसके लिए गांव की तीन महिलाओं को डायन करार देकर मौत के घाट उतार दिया गया। वारदात की खबर मिलने पर जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो सैकड़ों महिलाओं ने उन्हें गांव में घुसने से रोक दिया। बाद में अतिरिक्त फोर्स मंगाकर पुलिस गांव में दाखिल हुई।

2 लोगों की सांप के डंसने से हुई थी मौत
डायन बताकर मारी गई महिलाओं की पहचान ढोली देवी उम्र 60 वर्ष और राइलू देवी की 45 वर्ष के रूप में हुई है। लापता महिला का नाम आलोमनी देवी है। खबर है कि उसकी भी हत्या कर लाश फेंक दी गई। बताया गया कि बीते 1 सितंबर की रात सांप के डंसने से 18 वर्षीय राजकिशोर सिंह मुंडा की मौत हो गई थी। इसके अगले ही दिन 19 वर्षीय ललित मुंडा को भी सांप ने डंस लिया। हालांकि उसे सही वक्त पर इलाज से बचा लिया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।