1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शराब पीने के लिए 40 रुपये नहीं दिए तो ईंट से कुचलकर मां को मार दिया, कमरे में छिपी तो दरवाजा तोड़कर घसीट लाया

शराब पीने के लिए 40 रुपये नहीं दिए तो ईंट से कुचलकर मां को मार दिया, कमरे में छिपी तो दरवाजा तोड़कर घसीट लाया

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Sep 07, 2025 05:32 pm IST,  Updated : Sep 07, 2025 05:32 pm IST

बुजुर्ग महिला ने बेटे से बचने के लिए खुद को कमरे में बंद कर लिया था, लेकिन वह दरवाजा तोड़कर मां को बाहर घसीट लाया और ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

Murder- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PEXELS

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक कलयुगी बेटे का अमानवीय चेहरा सामने आया है। आरोपी ने शराब के लिये पैसे नहीं देने पर बुजुर्ग मां की हत्या कर दी। घटना कानपुर जिले के सेन पश्चिमपारा क्षेत्र की है। आरोपी की मां ने शराब खरीदने के लिये 40 रुपये देने से इनकार कर दिया था। इससे नाराज व्यक्ति ने अपनी बुजुर्ग मां की ईंट से हमला कर हत्या कर दी।

पनकी क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त शिखर ने रविवार को बताया कि सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र के कसिगवां गांव में शनिवार को राजाराम नामक एक व्यक्ति ने शराब खरीदने के लिये अपनी मां राजेश्वरी (80) से 40 रुपये मांगे थे। इनकार करने पर राजाराम ने अपनी मां पर ईंट से हमला कर दिया।

दरवाजा तोड़कर बाहर लाया

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शराबी बेटे से बचने के लिए 80 साल की राजेश्वरी ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया, लेकिन राजाराम दरवाजा तोड़कर अपनी मां को कमरे से बाहर खींच लिया। इसके बाद सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ प्रहार किये जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पड़ोसियों ने राजाराम को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। राजेश्वरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फतेहपुर में भी हुई थी ऐसी घटना

यूपी के फतेहपुर के असोथर थाना क्षेत्र में जून के महीने में ऐसी ही घटना सामने आई थी। आरोपी कमलेश सिंह (36) ने नशे में धुत्त होकर अपनी मां श्यामकली (60) की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना पटैतापुर मजरे सेमरी गांव में हुई थी। कमलेश ने परिवार को गालियां दीं और मां ने ऐसा करने से रोका तो गुस्से में उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी ने अपने पिता को भी मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह किसी तरह बच गए थे। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।