कर्नाटक के शिवमोगा में एक महिला ने अपनी बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला मानसिक समस्याओं से जूझ रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उसने यह कदम उठाया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 38 साल की महिला ने पहले अपनी 12 साल की बेटी की हत्या की। इसके बाद फांसी लगाकर जान दे दी।
यह घटना शिवमोगा के सरकारी अस्पताल में नर्स क्वार्टर के अंदर हुई। इस अस्पताल में काम करने वाला लैब टेक्नीशियन जब नाइट ड्यूटी कर घर लौटा को उसे दोनों के शव मिले।
बेटी के सिर पर चोट के निशान
मृतक महिला की पहचान श्रुति के रूप में हुई है। वह अपने पति और बेटी के साथ रहती थी। जब पति नाइट ड्यूटी पर था, तब श्रुति ने कथित तौर पर अपनी बेटी के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब उसका पति ड्यूटी से लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद पाया। उसने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो अंदर बेटी पूर्विका का शव मिला। कक्षा छह में पढ़ने वाली पूर्विका के सिर पर चोट के निशान थे। पूर्विका के शव के ऊपर श्रुति का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था।
मानसिक समस्याओं से पीड़ित थी महिला
शुरुआती रिपोर्ट में सामने आया है कि श्रुति मानसिक समस्याओं से पीड़ित थी। पुलिस ने हत्या और अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें-
काली डायरी और कोडवर्ड में छिपे राज..., मुजाहिदीन आर्मी बनाकर यूपी में हिंसा फैलाने की बड़ी साजिश