1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. Mainpuri crime: खौफनाक! दुष्कर्म पीड़िता हो गई प्रेगनेंट, मिट्टी का तेल डालकर लगा दी आग

Mainpuri crime: खौफनाक! दुष्कर्म पीड़िता हो गई प्रेगनेंट, मिट्टी का तेल डालकर लगा दी आग

 Published : Oct 10, 2022 08:06 pm IST,  Updated : Oct 10, 2022 08:06 pm IST

Mainpuri crime: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में कुरावली थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने दुष्कर्म की शिकार 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को गर्भवती होने पर शनिवार रात मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी।

Representative Image- India TV Hindi
Representative Image Image Source : FILE

Highlights

  • नाबालिग लड़की के इलाज पर नजर रखे हुए है पुलिस: SP
  • 'पीड़ित के परिवार के सदस्यों की हरसंभव मदद की जा रही है'
  • 'पीड़िता से लगभग तीन महीने पहले किया गया था दुष्कर्म'

Mainpuri crime: उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले से क्रूरता से भरा एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। जिले में कुरावली थाना क्षेत्र के एक गांव में 25 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर दुष्कर्म की शिकार 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को आग के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक दुष्कर्म की शिकार किशोरी के गर्भवती होने पर शनिवार रात उसपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। पीड़िता का सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों को पकड़ने का प्रयास जारी है।

शादी कराने का दिया था आश्वासन

पुलिस के मुताबिक पीड़िता से लगभग तीन महीने पहले दुष्कर्म किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को पीड़िता के पेट में दर्द होने पर उसकी माँ उसे एक डॉक्टर के पास ले गई जहां डॉक्टर ने बताया कि वह गर्भवती है। उन्होंने दर्ज मामले के आधार पर कहा कि इसके बाद लड़की की मां ने आरोपी युवक की मां से शिकायत की और उसकी शिकायत पर आरोपी की मां और बहन उसे अपने घर ले गईं। आरोपी की मां और बहन ने( अभिषेक (आरोपी) से पीड़िता की शादी कराने का आश्वासन भी दिया। उन्‍होंने बताया कि लेकिन शनिवार रात आरोपियों ने पीड़िता पर मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। 

पड़ोसियों ने पीड़िता को बचाया 

पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने कहा कि पड़ोसियों ने पीड़िता को बचाया और गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है। दीक्षित ने कहा कि इसके बाद उसकी मां ने शनिवार को कुरावली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अभिषेक सिंह (दुष्कर्म का आरोपी), उसकी मां मीरा देवी और बहन के खिलाफ आग लगाकर जान से मारने का प्रयास करने का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि मीरा देवी को शनिवार को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया।

संभावित ठिकानों पर हो रही छापेमारी

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस अभिषेक और उसकी बहन के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह नाबालिग लड़की के इलाज पर नजर रखे हुए हैं और उसे तथा परिवार के सदस्यों की हरसंभव मदद की जा रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।