1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. वृंदावन परिक्रमा लगा रही थी लड़की, लड़के ने धर्म परिवर्तन करवाने के लिए फिल्मी अंदाज में किया किडनैप, परिवार का आरोप

वृंदावन परिक्रमा लगा रही थी लड़की, लड़के ने धर्म परिवर्तन करवाने के लिए फिल्मी अंदाज में किया किडनैप, परिवार का आरोप

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 08, 2021 11:54 am IST,  Updated : Jul 08, 2021 11:54 am IST

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सुरीर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से वृन्दावन की परिक्रमा करने आई एक युवती को कथित तौर पर कुछ लोगों ने अगवा कर लिया।

mathura girl abducted while vrindavan parikrma by man for hindu to muslim conversion वृंदावन परिक्रम- India TV Hindi
वृंदावन परिक्रमा लगा रही थी लड़की, लड़के ने धर्म परिवर्तन करवाने के लिए फिल्मी अंदाज में किया किडनैप, परिवार का आरोप Image Source : PIXABAY

मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सुरीर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से वृन्दावन की परिक्रमा करने आई एक युवती को कथित तौर पर कुछ लोगों ने अगवा कर लिया। पुलिस अधीक्षक (शहर) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि युवती के पिता के अनुसार मामला सोमवार का है, युवती अपनी मां के साथ वृन्दावन की परिक्रमा लगाने आई थी और जब परिक्रमा समाप्त होने वाली थी तभी उनके गांव का एक युवक अपने कुछ साथियों के साथ आया और युवती को जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गया।

उन्होंने बताया कि युवती के पिता ने मंगलवार की शाम को पुलिस में शिकायत की थी और पुलिस तभी से युवती को ढूंढने का प्रयास कर रही है। युवती के पिता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार युवक और युवती पहले से एक-दूसरे को भली प्रकार से जानते हैं और युवक उनके पड़ोस में ही रहकर धर्म प्रचार करता रहा है। मार्तण्ड प्रकाश सिंह  ने कहा कि परिवार का कहना है कि वह उनकी बेटी पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दलित किशोरी का शव तालाब में बहता मिला, दुष्कर्म की आशंका

मथुरा जनपद में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव से मंगलवार को गायब हुई दलित किशोरी का शव बुधवार को तालाब में बहता हुआ मिला। पुलिस के मुताबिक उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। उसकी एक आंख को पत्थर से फोड़ा गया। सिर और पीठ पर भारी वस्तु से वार किए गए और मुंह को उसके दुपट्टे से बांधा गया।

पुलिस को आशंका है कि दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या की गई है। मृतका के पिता की तहरीर पर गांव के ही चार युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना कर फरह पुलिस को आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का निर्देश दिया है।

पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि फरह थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की दोपहर करीब ढाई बजे 17 वर्षीय किशोरी कुछ दस्तावेज जमा कराने के लिए गांव के स्कूल गई थी जिसके बाद लापता हो गई। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह ग्रामीणों ने किशोरी का शव गांव के तालाब में बहता देखा। परिजन ने तुरंत उसकी पहचान कर ली।

सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (शहर) मार्तण्ड प्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी (सीओ)- रिफाइनरी अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर गांव के ही हरिओम, तरुण, जितेंद्र उर्फ जीतू और सचिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उसकी मौत गला घोंटने से हुई है। सामूहिक दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए आगे की जांच जारी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।