1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. "हड्डी तक गहरा घाव, बाएं कान से खून, फटा हुआ था स्प्लीन", रुला देगी दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट

"हड्डी तक गहरा घाव, बाएं कान से खून, फटा हुआ था स्प्लीन", रुला देगी दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : May 19, 2026 05:02 pm IST,  Updated : May 19, 2026 06:15 pm IST

नोएडा दहेज हत्या मामले में, पीड़िता दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसमें हड्डी तक गहरे घाव, बाएं कान से खून बहना, कमर और पेट क्षेत्र में घाव और स्प्लीन का फटना शामिल है।

नोएडा दीपिका नागर मौत मामला- India TV Hindi
नोएडा दीपिका नागर मौत मामला Image Source : SOCIAL MEDIA

नोएडा दहेज हत्या मामले में पीड़िता दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिनमें "हड्डी तक गहरा घाव, बाएं कान से खून बहना, कमर/पेट के क्षेत्र में घाव और तिल्ली का फटना" शामिल है। 24 वर्षीय दीपिका ने कथित तौर पर दहेज की मांग को लेकर कई दिनों तक यातना और मारपीट झेलने के बाद ग्रेटर नोएडा में अपने घर की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दीपिका के चेहरे के दाहिने हिस्से पर सूजन/चोट पाई गई। बाईं कोहनी, बाईं बांह में चोट पाई गई। दाहिनी जांघ पर बड़ी चोट पाई गई। बाएं घुटने की हड्डी तक गहरा घाव पाया गया। कमर और पेट के निचले हिस्से पर घाव पाया गया।


पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे

न्यूज 18 की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक दीपिका की दाहिनी इलियाक क्रेस्ट के ऊपर चोट का निशान पाया गया। दाहिनी बांह के चारों ओर गोलाकार चोट के निशान पाए गए। बाएं कान से रक्तस्राव देखा गया। छाती और पेट के बाएं हिस्से पर गहरे दबाव और खरोंच के निशान पाए गए। आंतरिक जांच में मस्तिष्क के मध्य और बाएं हिस्से में रक्त का थक्का पाया गया। तिल्ली फटी हुई पाई गई। बायां गुर्दा पीला दिखाई दिया। हृदय के कक्ष खाली पाए गए। शरीर के विभिन्न हिस्सों में आंतरिक रक्तस्राव देखा गया।

आंतरिक अंगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

आंतरिक अंगों के नमूने संरक्षित कर जांच के लिए भेजे गए। नमूनों को विष विज्ञान परीक्षण के लिए भी भेजा गया ताकि किसी भी जहरीले पदार्थ की उपस्थिति का पता लगाया जा सके। रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर कई गंभीर बाहरी और आंतरिक चोटें पाई गईं। मस्तिष्क हेमाटोमा और तिल्ली का फटना गंभीर आघात का संकेत देते हैं। बता दें कि यह दर्दनाक घटना नोएडा के इकोटेक-3 पुलिस थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में हुई। अधिकारियों ने बताया कि लगातार उत्पीड़न ने अंततः दीपिका को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया।

दहेज में दी थी फॉर्च्यूनर एसयूवी, एक करोड़ कैश

दीपिका की शादी 14 महीने पहले जलपुरा गांव में ऋतिक से हुई थी। दीपिका की शादी में उसके माता पिता ने ऋतिक और उसके परिवार को दहेज के तौर पर एक फॉर्च्यूनर एसयूवी और एक करोड़ रुपये दिए थे। दीपिका के परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी को उसके पति और ससुराल वालों द्वारा लगातार उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था, ऋतिक और उसके परिवार वाले और दहेज की मांग कर रहे थे। दीपिका के शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों की टीम ने किया और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। रिपोर्ट में कई गंभीर बाहरी और आंतरिक चोटों का खुलासा हुआ है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।