1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पहले श्रद्धा, फिर निक्की और अब मेघा... फिर हुआ बेटियों का कत्ल, क्या ये लिव इन का नतीजा है?

पहले श्रद्धा, फिर निक्की और अब मेघा... फिर हुआ बेटियों का कत्ल, क्या ये लिव इन का नतीजा है?

 Published : Feb 15, 2023 10:06 pm IST,  Updated : Feb 16, 2023 06:27 am IST

जिस हैवानियत से कल्त किया गया और कत्ल के बाद जिस बेफिक्री के साथ लड़के अपनी जिंदगी जी रहे थे वो हैरान करने वाला है। ये खबरें उन पेरेंट्स के लिए दिल दहलाने वाली हैं जिनके बच्चे उनसे दूर किसी दूसरे शहर में पढ़ते हैं। दूसरे शहर में नौकरी करते हैं या अकेले रहते हैं।

shraddha nikki megha- India TV Hindi
श्रद्धा, निक्की और मेघा का लिव इन रिलेशनशिप में मर्डर Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली: अब निक्की यादव इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन उसका कत्ल उसी लड़के ने कर दिया जिस पर उसने अपने परिवार से भी ज्यादा भरोसा किया, जिसके साथ वो 5 साल तक रही और परिवार को बिना बताए कई बार ट्रिप पर गई। लेकिन उसने परिवार वालों को कभी इस रिश्ते के बारे में नहीं बताया। हैरानी की बात ये है कि निक्की यादव जिस लड़के को अपनी हर बात बताती थी उस लड़के ने निक्की को ये भी नहीं बताया कि परिवार वालों ने 22 दिसंबर को ही उसकी शादी किसी दूसरी लड़की के साथ तय कर दी है। साहिल ने ये बात निक्की से छुपाकर रखी और उसी के साथ पहले की तरह लिव इन में रहता रहा। दूसरी तरफ निक्की भी साहिल के साथ शादी के ख्वाब देख रही थी।

किसी और से शादी के लिए मारा?

निक्की ने तो 10 फरवरी की सुबह गोवा जाने के लिए रेल की टिकट भी बुक करा रखी थी यानी जिस दिन साहिल की शादी थी उसी दिन दोनों गोवा जाने वाले थे लेकिन ठीक एक दिन पहले निक्की को साहिल की सगाई होने की खबर मिली। इस पर निक्की ने साहिल को उत्तम नगर में उस घर में बुलाया और सगाई के बारे में पूछा। इस पर साहिल ने कहा कि ना तो उसकी सगाई हुई है और ना ही 10 फरवरी को उसकी शादी है। निक्की को अपनी बात का यकीन दिलाने के लिए साहिल पहले उसे निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन लाया। निक्की अपने सामान के साथ गई लेकिन साहिल कोई सामान नहीं ले गया। वहां पहुंचकर साहिल ने बताया कि उसकी टिकट कन्फर्म नहीं हुई है इसलिए उसने निक्की से हिमाचल जाने की बात कही।

इसके बाद दोनों निजामुद्दीन से कश्मीरी गेट बस अड्डे आए। जिस कार में ये दोनों लोग थे वो साहिल के भाई की थी। इस दौरान भी दोनों के बीच सगाई और शादी को लेकर झगड़ा बढ़ गया। साहिल ने कार में ही डेटा केबल से निक्की का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को शक है कि साहिल ने निक्की को बहलाने के लिए गोवा जाने का प्लान बनाया था क्योंकि साहिल को मालूम था कि अगले दिन उसकी शादी है इसलिए पुलिस को लगता है कि साहिल मर्डर का प्लान बनाकर ही निक्की को कार में ले गया था।

साहिल को अपनी मंगनी वाले दिन क्यों करना पड़ा मर्डर?
आखिर ऐसी नौबत कैसे आई कि करीब पांच साल तक एक साथ लिव-इन में रहने वाले साहिल को अपनी मंगनी वाले दिन मर्डर करना पड़ा। दरअसल, हुआ ये कि निक्की के घरवालों को तो अपनी बेटी के अफेयर के बारे में, उसके लिव इन में रहने का पता नहीं था। सिर्फ निक्की की बहन जानती थी लेकिन उसने भी घरवालों को नहीं बताया था। वहीं, साहिल के घर वाले इस रिश्ते के बारे में जानते थे और उन्हें ये सख्त नापसंद था। आखिरकार घरवालों की मर्जी के सामने साहिल ने हथियार डाल दिए और वो शादी के लिए तैयार हो गया।

प्यार के बदले मिली मौत
श्रद्धा हत्याकांड को लोग भूले भी नहीं थे कि दिल्ली में निक्की और मुंबई में मेघा का कत्ल कर दिया गया। मुंबई में भी तीन साल से लिव इन में रह रही लड़की की हत्या भी उसके पार्टनर ने कर दी। हत्यारे ने लाश को बेड के बॉक्स में डाला। घर का बाकी सामान बेचा और भाग गया। दोनों मामलों में हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि लड़की ने लड़के पर शादी का प्रेशर बनाया था। साथ-साथ रहने के रिश्ते को समाज के सामने स्वीकार करने को कहा लेकिन दोनों मामलों में प्यार के बदले मौत मिली। दोनों मामलों में लड़की के परिवार वाले रिश्ते से अनजान थे। उन्हें पता ही नहीं था लड़की किसी लड़के साथ लिव इन में रह रही है। दोनों मामलों में लडके-लड़की 4-5 साल से लिव इन में रह रहे थे। दोनों मामलों में लड़कों ने ये सोचकर हत्या की कि वो पकड़े नहीं जाएंगे। वो सारे सबूत मिटाना चाहते थे लेकिन दोनों हत्यारे पकड़े गए।

यह भी पढ़ें-

कत्ल के बाद बेफिक्री से अपनी जिंदगी जी रहे थे लड़के
जिस हैवानियत से कल्त किया गया और कत्ल के बाद जिस बेफिक्री के साथ लड़के अपनी जिंदगी जी रहे थे वो हैरान करने वाला है। ये खबरें उन पेरेंट्स के लिए दिल दहलाने वाली हैं जिनके बच्चे उनसे दूर किसी दूसरे शहर में पढ़ते हैं। दूसरे शहर में नौकरी करते हैं या अकेले रहते हैं। इस तरह की खबरें हर मां बाप को अपने बच्चे की चिंता में डालती हैं। दिल्ली और मुंबई जैसी मेट्रो सिटीज में आजकल लिव इन का चलन बढ़ गया है लेकिन जिस तरह से इस तरह के मामलों में बेटियों की जिंदगी खतरे में पड़ रही है, मर्डर हो रहे हैं वो सावधान करने वाला है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।