तमिलनाडु के कोयंबटूर के एक कब्रिस्तान में चोरी की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुलिस उन तीन लोगों की तलाश कर रही है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने मछली बेचने वाले एक व्यक्ति की कब्र खोदकर उसके शव के साथ दफ़नाए गए सोने के गहने चुरा लिए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
नागराज की 6 जून को हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, सौरीपालयम के रहने वाले मछली विक्रेता नागराज (60) की 6 जून को बीमारी के बाद मौत हो गई। अगले दिन उनके परिवार वालों ने उसी इलाके के कब्रिस्तान में उन्हें दफना दिया।
परिवार वालों के मुताबिक, नागराज को मछली के आकार के पेंडेंट वाली सोने की चेन बहुत पसंद थी और वे उसे हमेशा पहनते थे। भावनाओं के कारण परिवार ने दफनाने से पहले वह गहना न उतारने का फैसला किया और उन्हें चेन के साथ ही दफना दिया।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
जब उनके बेटे वेंकटेश कुमार और रिश्तेदार 16वें दिन की रस्में निभाने के लिए कब्रिस्तान गए, तो उन्हें यह देखकर हैरानी हुई कि कब्र के आस-पास की मिट्टी निकली हुई थी और ऐसा लग रहा था कि उसे हाल ही में खोदा गया है। गड़बड़ी का शक होने पर परिवार ने कब्रिस्तान में देख-रेख का काम करने वाले कर्मचारी कार्तिकेयन (27) से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, उसने कथित तौर पर बताया कि इलाके के दो लोगों, शक्तिवेल (26) और मणिकंडन (25) ने रात में कब्रिस्तान में घुसकर कब्र खोदी और शव से लगभग 24 ग्राम वज़न की सोने की चेन निकाल ली। वेंकटेश कुमार की शिकायत के आधार पर पीलामेडु पुलिस ने मामला दर्ज किया और तीनों संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद फरार हो गए हैं।
अमोनिया गैस रिसाव से सात लोगों की मौत
वहीं, तमिलनाडु में पेरियापालयम के निकट मनजंगरनई स्थित एक निजी समुद्री खाद्य प्रसंस्करण इकाई में अमोनिया गैस रिसाव से सात लोगों की मौत हो गई। तिरुवल्लूर की जिलाधिकारी एस कविता ने बताया कि 67 प्रभावित कर्मियों को तुरंत स्थानीय चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया। उन्होंने कहा कि 46 लोगों का इलाज वेल्स अस्पताल में और 21 लोगों का इलाज वेंकटेश्वर अस्पताल में किया जा रहा है।