1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. असम में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहे रेप के 2 आरोपियों को मार गिराया गया

असम में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहे रेप के 2 आरोपियों को मार गिराया गया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 16, 2022 10:13 pm IST,  Updated : Mar 16, 2022 10:13 pm IST

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी के हमले में 2 महिला पुलिसकर्मी घायल हुई हैं, लेकिन वे अब खतरे से बाहर हैं।

Rape Accused Encounter, Assam Rape Encounter, Rape Encounter Assam- India TV Hindi
Representational Image. Image Source : PIXABAY

Highlights

  • असम पुलिस ने 2 लड़कियों से रेप के मुख्य आरोपी समेत 2 व्यक्तियों को अलग-अलग घटनाओं में मार गिराया है।
  • एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दोनों आरोपी कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे थे।
  • अधिकारी ने कहा कि इसी दौरान दोनों ने आधी रात के बाद हिरासत से भागने का प्रयास किया।

गुवाहाटी: असम पुलिस ने 2 लड़कियों से रेप के मुख्य आरोपी समेत 2 व्यक्तियों को अलग-अलग घटनाओं में मार गिराया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि दोनों आरोपी कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे थे। विशेष पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने गुवाहाटी में संवाददाताओं से कहा कि दोनों आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्हें आगे की जांच के लिए गुवाहाटी और उदलगुरी में एक चाय बागान में उनके संबंधित अपराध स्थल पर ले जाया जा रहा था।

‘आधी रात के बाद हिरासत से भागने का प्रयास किया’

अधिकारी ने कहा कि इसी दौरान दोनों ने आधी रात के बाद हिरासत से भागने का प्रयास किया। गुवाहाटी में पहली घटना में आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिन्होंने उस पर गोलियां चलाईं। आरोपी को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। GMCH के अधीक्षक अभिजीत शर्मा ने कहा कि आरोपी को तड़के करीब एक बजे अस्पताल लाया गया, जिसके शरीर में 4 गोलियां लगी थीं। उन्होंने कहा, ‘जब उसे यहां लाया गया तो उसकी धड़कन नहीं थी। हमने उसके शव को मुर्दाघर में रख दिया है और पोस्टमॉर्टम के बाद उसके परिवार को सौंप देंगे।’

‘आरोपी के हमले में 2 महिला पुलिसकर्मी घायल हुई हैं’
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी के हमले में 2 महिला पुलिसकर्मी घायल हुई हैं, लेकिन वे अब खतरे से बाहर हैं। उन्होंने बताया कि लड़की की मां द्वारा 8 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद से फरार चल रहे आरोपी को मंगलवार को कामरूप जिले के दामपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया था। गौरतलब है कि गुवाहाटी के एक होटल में 16 फरवरी को 15 साल की एक किशोरी के साथ पांच लोगों ने कथित तौर पर गैंगरेप किया था। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया था और उसे लीक करने की धमकी दे रहे थे।

‘चाय बागान में 8 साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर रेप किया’
विशेष पुलिस महानिदेशक सिंह ने कहा कि एक अन्य घटना में आरोपी ने 10 मार्च को उदलगुरी जिले के एक चाय बागान में 8 साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर रेप किया और उसकी हत्या कर दी। अगले दिन बच्ची का शव बरामद किया गया। आरोपी को कामरूप जिले के चांगसारी इलाके की एक फैक्टरी से गिरफ्तार किया गया और उसने भागने का प्रयास किया जिसके बाद पुलिस ने उसे मार गिराया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।