1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. UP News: सहारनपुर में मेडिकल स्टोर चलाने वाले शख्स की हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

UP News: सहारनपुर में मेडिकल स्टोर चलाने वाले शख्स की हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 27, 2022 01:26 pm IST,  Updated : Sep 27, 2022 01:29 pm IST

UP News: सोमवार रात वह स्टोर बंद करके जब बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी हाईवे पर उसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी।

UP News - India TV Hindi
UP News Image Source : REPRESENTATIVE PICTURE

Highlights

  • मेडिकल स्टोर चलाने वाले शख्स की प्रेम प्रसंग में हत्या
  • सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र का मामला
  • दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया

UP News: यूपी के सहारनपुर जिले में एक मेडिकल स्टोर चलाने वाले शख्स की हत्या हो गई है। मामला देवबंद थाना क्षेत्र का है। हमलावरों ने शख्स की गोली मारकर हत्‍या की है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूरज राय ने बताया कि सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के ग्राम करंजाली निवासी नरेश सैनी (35) मकबरा चौक पर मेडिकल स्टोर संचालित करता था। 

उन्‍होंने बताया कि सोमवार रात वह स्टोर बंद करके जब बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी हाईवे पर उसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी। उन्होंने बताया कि घायल नरेश को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां ले जाने पर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। 

दोनों नामजद को गिरफ्तार कर लिया गया

राय ने बताया कि मृतक नरेश के भाई परमेश कुमार ने अपनी तहरीर में सोनू निवासी तल्हेडी बुजुर्ग ओर नितेश निवासी देवबंद के खिलाफ रंजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। राय ने बताया कि रात में ही दबिश देकर दोनों नामजद को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

उन्‍होंने कहा कि हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।