1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. धर्म परिवर्तन से मना करने पर ली पत्नी की जान, बरेली का मामला

धर्म परिवर्तन से मना करने पर ली पत्नी की जान, बरेली का मामला

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 30, 2021 08:23 pm IST,  Updated : Oct 30, 2021 08:23 pm IST

कौशल देवी का आरोप है कि इकबाल उनकी बेटी निशा पर धर्म परिवर्तन का लगातार दबाव बना रहा था, जबकि बेटी इसका विरोध करती थी।

Love Jihad Murder, Love Jihad Hindu Murder, Love Jihad, Love Jihad Case- India TV Hindi
बरेली के मजरे इस्लामनगर में मंगलवार रात इकबाल की पत्नी निशा फांसी से लटकी मिली थी। Image Source : TWITTER BAREILLYPOLICE REPRESENTATATIVE

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक व्यक्ति के खिलाफ कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिये दबाव डाले जाने का विरोध कर रही अपनी पत्नी की हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजकुमार अग्रवाल ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मीरगंज थाना क्षेत्र के चुरई दलपतपुर में निशा नामक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति इकबाल और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अग्रवाल ने बताया कि सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।

‘इकबाल और साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज’

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि चुरई दलपतपुर ग्राम पंचायत के मजरे इस्लामनगर में मंगलवार रात इकबाल की पत्नी निशा फांसी से लटकी मिली थी। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया जिसमें रस्सी से गला दबने से उसकी मौत होने की बात सामने आई। गुरुवार देर रात को सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव में रहने वाली निशा की मां कौशल देवी की तहरीर पर पुलिस ने इकबाल तथा उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

‘खुद को हिंदू बताकर धोखे से की थी शादी’
कौशल देवी का आरोप है कि इकबाल उनकी बेटी निशा पर धर्म परिवर्तन का लगातार दबाव बना रहा था, जबकि बेटी इसका विरोध करती थी। उन्होंने कहा, ‘इकबाल ने 10 साल पहले खुद को हिंदू बताकर धोखे से निशा से शादी की थी। जब निशा को उसके मुस्लिम और पहले से शादीशुदा होने की बात पता चली तो उसने विरोध किया। इसके बाद इकबाल जबरन उसका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करने लगा। विरोध करने पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।’

‘साथियों की मदद से की निशा की हत्या’
कौशल देवी ने आरोप लगाया कि 26 अक्टूबर की शाम इकबाल ने अपने साथियों की मदद से निशा की गला दबाकर हत्या कर दी तथा उसे आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।