1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. हत्या कर बिहार भाग गई महिला, न्यू ईयर पर बच्चों से मिलने दिल्ली आई; पुलिस ने किया गिरफ्तार

हत्या कर बिहार भाग गई महिला, न्यू ईयर पर बच्चों से मिलने दिल्ली आई; पुलिस ने किया गिरफ्तार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 04, 2025 06:54 am IST,  Updated : Jan 04, 2025 06:54 am IST

दिल्ली पुलिस ने एक महिला को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। महिला कई महीनों से फरार चल रही थी। पुलिस को पता चला कि वह न्यू ईयर पर अपने बच्चों से मिलने आने वाली है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

हत्या के मामले में फरार महिला गिरफ्तार।- India TV Hindi
हत्या के मामले में फरार महिला गिरफ्तार। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। युवती को नव वर्ष की पूर्व संध्या पर गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को महिला की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महीनों से फरार रोजीदा (25) को पश्चिमी दिल्ली के नारायणा इलाके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी महिला हत्या के मामले में फरार हो गई थी और वह बिहार में रह रही थी। पुलिस को उसके दिल्ली आने के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। 

विवाद को लेकर हुई मारपीट

पुलिस ने बताया कि पिछले साल 2 अक्टूबर को पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर में दो समूहों के बीच विवाद हो गया था। इस विवाद में गंभीर रूप से घायल शाहनवाज नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस ने घटना के बाद आजाद और तीन नाबालिगों सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “रोजीदा हालांकि एक अन्य आरोपी अज्जू के साथ भागने में सफल रही। इसके बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया।” उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि रोजीदा बिहार भाग गई थी। 

बच्चों से मिलने आई थी महिला

अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस को पता चला कि वह (रोजीदा) नव वर्ष की पूर्व संध्या पर अपने बच्चों से मिलने के लिए दिल्ली लौट सकती है। उन्होंने बताया, “पुलिस ने 31 दिसंबर को नारायणा के पास उसका (रोजीदा का) पता लगाया और सत्य पार्क के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान रोजीदा ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।” पुलिस के मुताबिक, रोजीदा ने खुलासा किया कि उसने और उसके साथियों ने लाठी से शाहनवाज और एक अन्य व्यक्ति नफीस पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। अधिकारी ने बताया, “रोजीदा बिहार के मधुबनी में अपने पैतृक गांव भाग गई, जहां वह झूठी पहचान के साथ रह रही थी।” (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

 

दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा, विजिबिलिटी 50 मीटर से कम, देरी से उड़ान भर रहीं 400 फ्लाइट्स

 

शिरडी के साईं बाबा मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब, करोड़ों का चढ़ावा, देखें वीडियो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।