1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली विधानसभा चुनाव: रिजल्ट से 1 दिन पहले केजरीवाल की सभी उम्मीदवारों के साथ बैठक, कपूरथला हाउस में चाय पर बुलाया

दिल्ली विधानसभा चुनाव: रिजल्ट से 1 दिन पहले केजरीवाल की सभी उम्मीदवारों के साथ बैठक, कपूरथला हाउस में चाय पर बुलाया

 Reported By: Bhaskar Mishra Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 07, 2025 09:50 am IST,  Updated : Feb 07, 2025 10:40 am IST

दिल्ली में आम आदमी पार्टी लगातार दो बार सरकार बना चुकी है और तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है। हालांकि, इस बार चुनाव में बीजेपी ने इसे कांटे की टक्कर दी है।

Arvind Kejriwal- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों का ऐलान शनिवार (8 फरवरी) को होना है। इससे एक दिन पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के सभी विधानसभा उम्मीदवारों के साथ मीटिंग रखी है। अरविंद केजरीवाल ने सभी प्रत्याशियों को चाय पर बुलाया है। यह मीटिंग कपूरथला हाउस में 11.30 बजे शुरू होगी। 

आम आदमी पार्टी दिल्ली में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की उम्मीद लगाकर बैठी है। यहां 2013 से आम आदमी पार्टी सत्ता में है। पहले कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार बनाई। इसके कुछ समय बाद ही गठबंधन तोड़कर सरकार गिरा दी। 2015 में दोबारा चुनाव होने पर आम आदमी पार्टी पूरे बहुमत के साथ सत्ता में आई और 2020 में भी ऐसा ही हुआ। अब केजरीवाल की उम्मीद तीसरी बार सरकार बनाने की है।

दिल्ली में पांच फरवरी को हुआ था मतदान

दिल्ली की सभी 70 सीटों पर मतदान पांच फरवरी को हुआ था। यहां पिछले दो विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने एकतरफा जीत हासिल की थी। हालांकि, इस बार बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। अधिकतर एग्जिट पोल में भी कहा गया है कि दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी सत्ता में वापसी करने जा रही है। हालांकि, कुछ एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को भी बहुमत दिया गया है।

सीएम और डिप्टी सीएम भी तय कर चुके हैं केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल मतदान से पहले ही तय कर चुके हैं कि अगर उनकी पार्टी तीसरी बार सरकार में आती है तो मुख्यमंत्री वह खुद बनेंगे। मनीष सिसोदिया को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। इससे साफ है कि मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी को सीएम की कुर्सी छोड़ कोई एक मंत्रालय संभालना होगा। हालांकि, एग्जिट पोल की मानें तो पूरी आम आदमी पार्टी को ही सत्ता छोड़ विपक्ष में बैठना पड़ सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।