1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. उधार पैसे वापस मांगने पर दिल्ली में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

उधार पैसे वापस मांगने पर दिल्ली में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jul 11, 2025 07:03 am IST,  Updated : Jul 11, 2025 07:03 am IST

राजधानी दिल्ली के जाफराबाद में एक शख्स की केवल इसलिए हत्या कर दी गई क्योंकि उसने अपने दिए गए उधार पैसे वापस मांग लिए। केवल 2000 रुपये के चक्कर में युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।

A young man was stabbed to death in Delhi for demanding the return of borrowed money police arrested- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

उत्तरपूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में एक स्थानीय निवासी ने 2,000 रुपये के कर्ज को लेकर हुए विवाद के बाद 23 वर्षीय व्यक्ति की चाकू घोंपकर कथित तौर पर हत्या कर दी। यहां एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके बड़े भाई तथा उसके पिता को घटना के कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि यह घटना देर रात 12.10 बजे हुई जब फरदीन ने आरोपी आदिल से उससे उधार लिए 2,000 रुपये वापस मांगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जाफराबाद थाने को चाकू घोंपने की एक घटना के संबंध में सूचना मिली और जेपीसी अस्पताल पहुंचने पर अधिकारियों को पता चला कि फरदीन को उसके पिता अस्पताल लेकर आए थे और उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।’’ 

उधार पैसे वापस मांगने पर युवक की हत्या

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि फरदीन और उसका दोस्त जावेद एक गली के पास खड़े थे, तभी आदिल आया जिसने पहले उनसे 2,000 रुपये उधार लिए थे। जब फरदीन ने आदिल से अपने पैसे वापस मांगे तो आदिल कथित तौर पर आक्रोशित हो गया और उसने चाकू निकालकर दोनों युवकों पर हमला कर दिया। घटना के बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आदिल का भाई कामिल और उनके पिता शकील भी घटनास्थल पर मौजूद थे और उन्होंने आदिल को दोनों युवकों पर हमला करने के लिए उकसाया। अधिकारियों ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया और सबूत इकट्ठा किए। 

पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

इस सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने बाद में इस घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया, ‘‘कई टीम ने सुराग जुटाकर तीनों आरोपियों—आदिल (30), कामिल (28) और उनके पिता शकील (58) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी उनके पास से बरामद कर लिया गया है।’’ अधिकारी ने बताया, ‘‘आदिल का पहले भी तीन मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि कामिल पर चार मामलों में मामला दर्ज है।’’

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।