1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. AAP Protest: आम आदमी पार्टी ने खत्म किया प्रदर्शन, सभी कार्यकर्ता लौटे वापस

AAP Protest: आम आदमी पार्टी ने खत्म किया प्रदर्शन, सभी कार्यकर्ता लौटे वापस

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 19, 2024 11:54 am IST,  Updated : May 19, 2024 02:32 pm IST

दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने आज प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले सीएम अरविंद केजरीवाल ने गिरफ्तारी देने की बात कही थी। हालांकि किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया। इसके बाद प्रदर्शन खत्म कर दिया गया।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन।- India TV Hindi
दिल्ली में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन। Image Source : AAP (X)

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी आज दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंची। हालांकि आप कार्यकर्ताओं को पहले ही रोक दिया। इससे पहले बीजेपी मुख्यालय पर भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि हम सभी नेताओं की गिरफ्तारी देने बीजेपी मुख्यालय जाएंगे। हमें जहां रोक दिया जाएगा हम वहीं पर बैठकर आधे घंटे तक प्रदर्शन करेंगे। अगर आधे घंटे तक हमें गिरफ्तार नहीं किया गया तो हम वापस लौट जाएंगे और ये मोदी की हार होगी।

पार्टी ऑफिस पर क्या बोले केजरीवाल

पार्टी ऑफिस पर सीएम केजरीवाल ने कहा कि पीएम ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने का इरादा बनाया है। उसके लिए एक ऑपरेशन चालू किया है, जिसका नाम है ऑपरेशन झाड़ू। बहुत सारे लोग हैं जो पीएम से मिलने जाते हैं। जो उनसे मिलके आते हैं, वो हमें बताते हैं कि पीएम ने छूटते ही आप की बात शुरू की और कहा कि आप वाले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। इनके कामों की चर्चा पूरे देश में हो रही है और आने वाले भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर और कई राज्यों में आप बीजेपी के लिए चुनौती हो सकती है, इसलिए इस पार्टी को तुरंत खत्म कर दिया जाए।

इसके लिए उन्होंने ऑपरेशन झाड़ू चालू किया है, इसके तहत आप के नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। बाद में अकाउंट्स को सीज किया जाएगा, ये बात ईडी के अधिकारी ने कही है। आम आदमी पार्टी का दफ्तर खाली कराके सड़क पर लाया जाएगा। ये तीन प्लान बनाए हैं। उन्हें लगता है कि वो पार्टी को खत्म कर देंगे, मैं कहना चाहता हूं के ये पार्टी चंद लोगों की पार्टी नहीं है, ये 140 करोड़ लोगों के सपनों की पार्टी है। जिस किस्म के काम हमने दिल्ली और पंजाब में किए हैं, 75 सालों में इस तरह के काम लोगों ने कभी नहीं देखें। 

जो सपने एक आम आदमी देखता था, वो सपने अब सच हो रहे हैं। दिल्ली और पंजाब में हमने सरकारी स्कूलों को ठीक किया, ये मोदी जी नहीं कर पा रहे तो उन्होंने कहा कि इनको रोको, इनको गिरफ्तार कर लो। हमने फ्री इलाज का इंतजाम किया, मोदी जी नहीं कर पा रहे तो बोले कि केजरीवाल को गिरफ्तार कर लो। हमने पैसा बचा के बिजली फ्री कर दी, अब महिलाओं को हजार रूपये देने जा रहे हैं। ये बात पूरे देश में फैल रही है। आम आदमी पार्टी अब एक विचार है। नेताओं को तो गिरफ्तार कर लोगों लेकिन इस विचार को कैसे गिरफ्तार कर पाओगे। ये एक ऐसा विचार है जिसका विनाश नहीं किया जा सकता है।

मैं पीएम को कहना चाहता हूं कि आप एक नेता को गिरफ्तार करोगे तो 100 नेता पैदा होंगे। आप एक केजरीवाल को गिरफ्तार करोगे तो 100 केजरीवाल पैदा होंगे। 2015 के बाद से पता नहीं कितनी आरोप लगाए, लेकिन कुछ नहीं चिपका। अब कह रहे हैं कि कोई शराब घोटाला हो गया। जनता इनसे पूछ रही है कि घोटाले का पैसा कहां गया। ये खुद सुप्रीम कोर्ट में कहते हैं कि पैसे की रिकवरी नहीं हुई तो क्या पैसा हवा में गया। फर्जी केस बना के इन्होंने हमारे नेताओं को गिरफ्तार किया।

पंजाब चुनाव में चुनाव से तीन दिन पहले पीएम ने बोला था कि केजरीवाल खलिस्तानी आतंकवादी है। इतनी वाहियात और बेवकूफी वाली बात पीएम के मुंह से सुनते हैं तो हमें दया आती है। आने वाले 10 के दिन के अंदर दिल्ली और पंजाब के चुनाव से पहले ये कई मनगढ़ंत बाते लेकर आएंगे ये। आप का एक-एक नेता आग से निकलकर गुजरा है। हम वो लोग हैं जो कोई भ्रष्टाचार करता है तो हम खुद उन्हें निकाल देते हैं। अब ये हमारे नेताओं को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया है। कल तो मेरे पीए तक को गिरफ्तार कर लिया। राघव चड्ढा को भी गिरफ्तार करने को कह रहे हैं।

आज हम सब लोग इकट्ठा हुए हैं। पीएम को कहना चाहता हूं कि एक-एक करके गिरफ्तार कर रहे हो। हम सबको एक साथ गिरफ्तार कर लो। जेल के 50 दिनों का पूरा सदुपयोग किया.। दो बार पूरी गीता पढ़ी। पूरी गीता श्लोक के साथ और एक बार पूरी रामायण पढ़ी। एक बार सबको जेल भेज के देख लो कि आम आदमी पार्टी का विनाश होता है या ये पार्टी और बड़ी होती है। अभी हम यहां से शांति से जाएंगे। अगर हमें जाने देंगे तो जाएंगे। जहां रोकेंगे वहीं रुक जाएंगे। हम सड़क पर बैठ जाएंगे। आधा घंटा बैठेंगे और अगर हमें गिरफ्तार नहीं करते हैं तो ये उनकी हार होगी। उसके बाद हम वापस आ जाएंगे। 

आने वाले समय में बड़ी चुनौतियां आने वाली हैं। उन सभी के लिए आप तैयार रहना। पिछली मुसीबतों से निकलना कोई चमत्कार नहीं है, ये सिर्फ एक वजह से हुआ कि बजरंगबली का आप पर हाथ है। अगर ऊपर वाले का हाथ नहीं होता तो हम आज तक खत्म हो गए होते। हम सभी चुनौतियों से निकल जाएंगे क्योंकि हमारी मंशा साफ है। भगवंत मान आज नहीं आए हैं, लेकिन मैंने उनसे कहा है कि अगर हम सभी गिरफ्तार हो जाते हैं तो आप भी कल आ जाना गिरफ्तार होने।

पार्टी ऑफिस से निकले केजरीवाल

आम आदमी पार्ची पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद अब केजरीवाल पार्टी ऑफिस से बाहर निकल चुके हैं। यहां से वह अपने अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बीजेपी मुख्यालय के लिए रवाना होंगे। 

खत्म हुआ प्रदर्शन

पार्टी ऑफिस से निकलने के बाद आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ता बीजेपी मुख्यालय की ओर बढ़े। हालांकि उन्हें पहले ही रोक दिया गया। इस दौरान आप नेता संजय सिंह ने कहा कि हम यहां पर गिरफ्तारी देने के लिए आधे घंटे तक बैठे रहे लेकिन मोदी हमें गिरफ्तार नहीं करवा सके। ये उनकी हार है और इसलिए अब हम अपना प्रदर्शन समाप्त कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से वापस लौटने की अपील की।

ये भी पढ़ें- 

दिल्ली में AAP का प्रदर्शन आज, इन रास्तों पर लग सकता है भारी जाम; बाहर निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी

Swati Maliwal Case: दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा, घटना के समय का CCTV फुटेज गायब, सबूतों को नष्ट करने की हुई कोशिश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।