1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में स्कूल-कॉलेजों के आसपास पिंक स्कूटी से पुलिस की गश्त तेज, छात्राओं की सुरक्षा पर खास नजर

दिल्ली में स्कूल-कॉलेजों के आसपास पिंक स्कूटी से पुलिस की गश्त तेज, छात्राओं की सुरक्षा पर खास नजर

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Sep 29, 2026 02:06 pm IST,  Updated : Sep 29, 2026 02:06 pm IST

दिल्ली में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की स्कूटी और पैदल गश्त बढ़ाई गई है। स्कूल-कॉलेजों के अलावा बाजार, पार्क, बस स्टॉप और अन्य संवेदनशील जगहों पर भी निगरानी की जा रही है।

Delhi Police, Women Safety Delhi, Delhi Police on Women Safety Delhi- India TV Hindi
छात्राओं-महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए महिला पुलिस की स्कूटी गश्त बढ़ी Image Source : REPORTER INPUT

राजधानी दिल्ली में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। आउटर जिले में स्कूल-कॉलेजों के आसपास पिंक स्कूटी और पैदल गश्त तेज की गई है। खासतौर पर सुबह और शाम के समय महिला पुलिसकर्मी उन स्थानों पर नजर रख रही हैं, जहां छात्राओं और महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है। गश्त के दौरान सुरक्षा से जुड़ी परेशानियों की जानकारी लेने के साथ लोगों को आत्मरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के तरीके भी बताए जा रहे हैं।

95 महिला पुलिसकर्मियों की 15 टीमें

महिला एवं बाल विशेष पुलिस इकाई की ओर से इस अभियान के लिए 95 महिला पुलिसकर्मियों की 15 टीमें बनाई गई हैं, जो महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। ये टीमें दिल्ली के सभी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तैनात होकर पैदल और स्कूटी से गश्त कर रही हैं। इसका उद्देश्य महिला पुलिस की सक्रिय और दिखाई देने वाली मौजूदगी सुनिश्चित करना है।

स्कूल से बाजार तक निगरानी

मंगोलपुरी और पश्चिम विहार में सुबह और शाम के समय स्कूलों, अस्पतालों, बस स्टॉप, बाजारों और पार्कों के आसपास विशेष निगरानी की जा रही है। इसके अलावा दिल्ली के अन्य जिलों में भी सार्वजनिक स्थानों, शैक्षणिक संस्थानों, रिहायशी इलाकों, अंधेरे स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की जा रही है।

छात्राओं से सीधे बातचीत

गश्त के दौरान महिला पुलिसकर्मी छात्राओं और स्थानीय लोगों से बातचीत कर रही हैं। उनसे इलाके में आने वाली सुरक्षा संबंधी दिक्कतों के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिसकर्मी छेड़छाड़, उत्पीड़न, संदिग्ध गतिविधियों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं पर भी नजर रख रही हैं।

साइबर ठगी से भी बचने की सलाह

अभियान के दौरान छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के तरीकों के साथ साइबर अपराध से सतर्क रहने के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत देने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि स्थानीय स्तर पर पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत हो सके।

महिला हेल्पलाइन पर करें संपर्क

पुलिस ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की अपील की है। महिलाओं से जुड़ी सहायता के लिए 1091 महिला हेल्पलाइन का इस्तेमाल किया जा सकता है। 

ये भी पढ़ें: दिल्ली की ड्रग्स लेडी पार्वती के घर से करोड़ों की बरामदगी, कैश और गहने के अलावा एक किलो से ज्यादा हेरोइन भी मिली

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।