नई दिल्लीः एयर इंडिया ने शनिवार को बताया कि दिल्ली के एक होटल में रुके हुए एयर इंडिया के एक पायलट की बेहोशी की हालत में मिलने के बाद मौत हो गई। एयरलाइन ने कहा कि उन्हें आज सुबह एक उड़ान (फ्लाइट) संचालित करनी थी। मुंबई के रहने वाले यह पायलट दिल्ली के वसंत कुंज इलाके के एक होटल में रुके हुए थे, जहां कल शाम उन्हें बेहोश पाया गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
10 सितंबर को होटल में ठहरने आया था पायलट
जानकारी के अनुसार, पायलट ने 10 सितंबर को होटल में चेक-इन किया था। 11 सितंबर की शाम मृतक के भाई ने होटल मैनेजर को फोन कर बताया कि उनका भाई फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं। मैनेजर ने कमरे में जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से लॉक था। मास्टर की से कमरा खोला गया तो मृतक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच कर रही पुलिस
मामले की जांच के लिए क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। 12 सितंबर को सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। मौत की असली वजह का पता फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल ओपिनियन के बाद चलेगा। वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस ने BNSS की धारा 194 के तहत जांच शुरू की।
कुछ महीने पहले एयर इंडिया में लगी थी नौकरी
एयर इंडिया ने बताया कि पायलट ने पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ काम किया था और कुछ महीने पहले ही एयर इंडिया में आए थे। उन्हें शनिवार सुबह एक फ्लाइट संचालित करनी थी। एयर इंडिया ने कहा कि वह उनकी मौत से बहुत दुखी है और उनके परिवार के संपर्क में है। साथ ही दुख की इस घड़ी में उन्हें हर संभव मदद दे रही है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन को वसंत कुंज के एक होटल में एक मेहमान की तबीयत खराब होने के बारे में पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को बेहोश की हालत में पाया गया। उस व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल पहुँचने पर मृत) घोषित कर दिया गया।
(एएनआई इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ेंः ईस्ट दिल्ली में सरेआम युवक की हत्या, मंडावली में चाकू से ताबड़तोड़ हमला, दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में