दिल्ली के उत्तम नगर में करीब दो हफ्ते पहले झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद व्याप्त तनाव के बीच शनिवार को ईद-उल-फितर सादगी और कड़ी सुरक्षा के साये में मनाया जा रहा है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेड और सतर्क निगरानी में लोगों ने अमन-चैन की दुआ के साथ नमाज अदा की। स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिसवालों पर फूल बरसाए और ईद की मुबारकबाद भी दी।
पुलिस ने किया बहुत बढ़िया काम
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दो व्यक्ति फूलों की पंखुड़ियों से भरा एक बैग पकड़े हुए पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) कर्मियों पर पंखुड़ियां बरसाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें एक व्यक्ति कह रहा है कि पुलिस ने पूरा समर्थन दिया है। इसके साथ ही वह कहता है कि उन्होंने बहुत बढ़िया काम किया है।
हिंदू युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव
उत्तम नगर में इस महीने की शुरुआत में होली के दौरान पानी के गुब्बारों को लेकर हुई झड़पों में 26 वर्षीय एक युवक की मौत के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है। ईद के चलते हस्तसाल गांव व उससे सटे इलाकों में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की मजबूत तैनाती की गई है।
पुलिस कर रही कड़ी निगरानी
इलाके के हर प्रवेश और एग्जिट मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाए गए हैं और पहचान पत्रों की सख्त जांच के बाद ही लोगों को आगे बढ़ने दिया जा रहा है, ताकि पूरे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे। सत्यापन के बाद केवल स्थानीय लोगों को ही कुछ विशेष हिस्सों में जाने की अनुमति दी जा रही है, जबकि बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।