1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में बीजेपी की शानदार जीत के बाद अमित शाह का पोस्ट, लिखा- 'अब दिल्ली आदर्श राजधानी बनेगी'

दिल्ली में बीजेपी की शानदार जीत के बाद अमित शाह का पोस्ट, लिखा- 'अब दिल्ली आदर्श राजधानी बनेगी'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 08, 2025 01:44 pm IST,  Updated : Feb 08, 2025 02:04 pm IST

अमित शाह ने दिल्ली बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को भी बधाई दी और कहा कि अब पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली आदर्श राजधानी बनेगी।

Amit Shah- India TV Hindi
अमित शाह Image Source : PTI

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने पहले दिल्ली में व्याप्त समस्याएं बताते हुए लिखा कि दिल्ली की जनता ने इन विषयों पर केजरीवाल के जवाब दिया है और यह साबित किया है कि उन्हें बार-बार गुमराह नहीं किया जा सकता। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को बधाई दी। अंत में उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में आदर्श राजधानी बनेगी। 

अमित शाह ने लिखा "दिल्लीवासियों ने बता दिया कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है। दिल्ली में मिली इस भव्य जीत के लिए अपना दिन-रात एक करने वाले बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा  जी और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा जी को हार्दिक बधाई देता हूं। चाहे महिलाओं का सम्मान हो, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान हो या स्वरोजगार की अपार संभावनाएं, मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।"

दिल्ली में आप की करारी हार

दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनाव में 60 से ज्यादा सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी इस बार 22 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। सीएम आतिशी को छोड़कर पार्टी के सभी बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है। अरविंद केजरीवाल को चार हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से प्रवेश वर्मा ने हराया है। वहीं, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जैसे बड़े नेताओं को भी हार झेलनी पड़ी है। आप की हार के पीछे सबसे बड़ी वजह पार्टी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को माना जा रहा है। हालांकि, अब तक किसी भी मामले में आम आदमी पार्टी या किसी अन्य नेता को दोषी नहीं पाया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।