दिल्ली में विधानसभा चुनाव नजदीक है। इसके मद्देनजर प्रमुख पार्टियों के नेता जीत के अलग-अलग दावे करते नजर आ रहे हैं। इस बीच, दिल्ली चुनाव को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का बयान सामने आया है। उन्होंने बुधवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत से जीत हासिल करेगी। अनुराग ठाकुर ने यह बयान उस समय दिया जब उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला।
केजरीवाल को महिला विरोधी बताया
अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली के लोग अब "बहाना बनाने वाले और महिला विरोधी" केजरीवाल और उनकी पार्टी की वास्तविकता को समझ चुके हैं। ठाकुर ने एक इंटरव्यू में कहा, "बीजेपी लोगों के दिलों में सबसे ऊपर है और हर किसी के मन में यही सवाल है कि बीजेपी को जीतना चाहिए।" उन्होंने 'आप' को महिला विरोधी पार्टी करार देते हुए आरोप लगाया कि पहले पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल को केजरीवाल के आवास पर पीटा गया और अब पार्टी के पोस्टरों पर भी मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी की तस्वीर नहीं लगाई गई है।
"AAP की असलियत को समझ चुके हैं लोग"
ठाकुर ने दावा किया, "बीजेपी दिल्ली विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत से जीतने जा रही है, क्योंकि दिल्ली के लोग केजरीवाल और 'आप' की असलियत को समझ चुके हैं।" उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी ऐसे मुख्यमंत्री को चुनेगी जो ईमानदार हो और जिसकी छवि साफ हो। आप द्वारा घोषित मुफ्त योजनाओं के बारे में पूछे गए सवाल पर ठाकुर ने कहा, "बीजेपी विशेष जांच दल (SIT) गठित करेगी, ताकि आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए घोटालों की जांच हो सके।"
केजरीवाल की योजनाओं को लेकर सवाल
इसके अलावा, उन्होंने यह भी वादा किया कि बीजेपी अपने चुनावी वादों को पूरा करेगी, जिसमें ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के कल्याण के लिए योजनाएं और महिलाओं को 2500 रुपये मासिक देने का वादा शामिल है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि 'आप' ने पिछले 11 सालों में कितनी घोषणाएं पूरी की हैं। ठाकुर ने कहा, "इन योजनाओं का क्या हुआ? समय आ गया है कि केजरीवाल सवालों का जवाब दें।"
"कांग्रेस की सरकार के दौरान भ्रष्टाचार चरम पर था"
ठाकुर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2004 से 2014 तक संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार के दौरान भ्रष्टाचार चरम पर था, जबकि उस वक्त देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में 10वें स्थान पर थी। उन्होंने कहा, "मोदी सरकार के तहत अब देश की अर्थव्यवस्था 5वें स्थान पर पहुंच गई है और यह जल्दी ही तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगी।" (भाषा इनपुट)
ये भी पढ़ें-
जलगांव ट्रेन हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, जानें मृतकों को कितना मुआवजा मिलेगा
बिहार: मोकामा में गैंगवार, फायरिंग के बाद अनंत सिंह का पहला रिएक्शन, सुनिए क्या कहा
संपादक की पसंद