1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. आम आदमी पार्टी ने सिंघू बॉर्डर पर लगवाए 5 हॉटस्पॉट, फ्री में WiFi का इस्तेमाल कर सकेंगे किसान

आम आदमी पार्टी ने सिंघू बॉर्डर पर लगवाए 5 हॉटस्पॉट, फ्री में WiFi का इस्तेमाल कर सकेंगे किसान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 30, 2020 11:11 pm IST,  Updated : Dec 30, 2020 11:11 pm IST

आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने बुधवार को सिंघू बॉर्डर पर 5 हॉटस्पॉट उपकरण स्थापित किए, ताकि 3 नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हजारों किसान इंटरनेट का उपयोग कर सकें।

Arvind Kejriwal Free WiFi, Arvind Kejriwal Free WiFi Singhu, Arvind Kejriwal Free WiFi Farmers- India TV Hindi
AAP MLA राघव चड्ढा ने मंगलवार को कहा था कि वाईफाई हॉटस्पॉट लगवाने का फैसला ‘किसानों के सेवादार अरविंद केजरीवाल’ ने किया है। Image Source : PTI FILE

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने बुधवार को सिंघू बॉर्डर पर 5 हॉटस्पॉट उपकरण स्थापित किए, ताकि 3 नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हजारों किसान इंटरनेट का उपयोग कर सकें। चड्ढा ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदर्शनकारियों की आवश्यकता के अनुसार कई और वाईफाई उपकरण लगाए जाएंगे। बता दें कि चड्ढा ने मंगलवार को कहा था कि सिंघू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के लिए मुफ्त वाईफाई उपलब्ध कराने के लिए हॉटस्पॉट लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा था कि यह फैसला ‘किसानों के सेवादार अरविंद केजरीवाल’ ने किया है।

‘100 मीटर का दायरा होगा कवर’

चड्ढा ने कहा था, ‘हम लोग चाहते हैं कि किसान अपने परिवार के साथ संपर्क में रहें। हमने फ्री वाईफाई हॉटस्पॉट के लिए कुछ जगहों की पहचान की है। यह अरविंद केजरीवाल और पार्टी की तरफ से एक पहल है। प्रत्येक वाईफाई हॉटस्पॉट 100 मीटर का दायरा कवर करेगा। किसानों ने इलाके में इंटरनेट की सीमित उपलब्धता की शिकायत की थी जिसके बाद यह कदम उठाया गया है। हम इसकी शुरुआत सिंघू बॉर्डर से कर रहे हैं, लेकिन मांग होने पर हम इसका विस्तार अन्य सीमाओं (जहां किसान प्रदर्शन कर रहे वहां) पर भी करेंगे तथा ऐसे और हॉटस्पॉट लगाएंगे।’

AAP कर रही किसान आंदोलन का समर्थन
बता दें कि केंद्र के नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से किसान दिल्ली की सीमाओं पर पिछले एक महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं। केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (AAP) किसानों का समर्थन कर रही है। इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को केंद्र से नए कृषि कानूनों को वापस लेने की अपील करते हुए कहा था कि किसान जीवित रहने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। कृषि कानूनों के खिलाफ नवंबर के आखिरी हफ्ते से सिंघू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हजारों किसानों से मिलने दूसरी बार वहां पहुंचे केजरीवाल ने कहा, ‘मैं किसी भी केंद्रीय मंत्री को चुनौती देता हूं कि वह किसानों के साथ खुली बहस करें, जिससे पता चल जाएगा कि ये कृषि कानून कितने हानिकारक हैं।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।