1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में जल बोर्ड की बड़ी लापरवाही, जामिया मेट्रो स्टेशन के पास गड्ढे में गिरा ऑटो, तीन लोग घायल

दिल्ली में जल बोर्ड की बड़ी लापरवाही, जामिया मेट्रो स्टेशन के पास गड्ढे में गिरा ऑटो, तीन लोग घायल

 Reported By: Shoaib Raza Edited By: Avinash Rai
 Published : Jun 26, 2025 10:51 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 10:51 pm IST

दिल्ली जामिया मिलिया इस्लामिया मेट्रो स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल यहां जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में एक ऑटो गिर गया। इस घटना में ऑटो में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है।

Big negligence of Delhi jal board auto fell in pit near Jamia metro station three people injured- India TV Hindi
जामिया मेट्रो स्टेशन के पास गड्ढे में गिरा ऑटो Image Source : INDIA TV

दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया मेट्रो स्टेशन के करीब आज एक ऑटो दिल्ली जल बोर्ड की लापरवाही की वजह से एक बड़े गड्ढे में गिर गया, जिसकी वजह से ऑटो में बैठे लोग भी घायल हो गए। दरअसल इस इलाके में लंबे वक्त से दिल्ली जल बोर्ड के द्वारा काम कराया जा रहा है, जिसकी वजह से जामिया मेट्रो से बटला हॉउस की तरफ जॉने वाले रास्ते की सड़क को खोदा गया है। दिल्ली जल बोर्ड ने यहां एक बड़ा गड्ढा बनाया हुआ है, जिसमें आज शाम एक ऑटो सीधा आकर गिर गया। ऑटो में एक बच्चा और 2 महिलाएं बैठी थीं। गड्ढे में ऑटो के गिरने की वजह से बच्चे और दोनों महिलाएं घायल हो गईं। इसके बाद आनन-फानन में घायल को अस्पताल ले जाया गया।

जामिया मेट्रो के पास नाले में गिरी ऑटो

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस गड्डे के बाहर ना तो कोई बैरिकेड लगा है और ना ही कोई जानकारी लिखी गई है। केवल गड्ढा खोदकर खुला छोड़ दिया गया है। हालांकि जब यह हादसा हुआ, उसके तुरंत बाद दिल्ली जल बोर्ड हरकत में आ गया और आनन-फानन में जेसीबी को लाकर इस गड्ढे को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। बता दें कि बीच सड़क पर गड्ढा खोदे जाने की वजह से लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का भी सामना करना पड़ रहा है। इस कारण आए दिन कई विवाद और रोड रेज जैसे मामले भी देखने को मिलते हैं। 

दिल्ली में कैब चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बता दें कि इससे पहले पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना देखने को मिली थी। दरअसल यहां एक कैब चालक ने सड़क पार कर रहे एक युवक को टक्कर मार दी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस घटना को लेकर बताया कि टक्कर मारने के बाद आरोपी कैब ड्राइवर युवक को अस्पताल न ले जाकर उसने उसे अपनी कैब में बिठा लिया। इसके बाद ज्यादा खून बहने की वजह से युवक की मौत हो गई। इसके बाद कैब ड्राइवर ने युवक के शव को गुफा वाले मंदिर के पास सर्विस रोड पर फेंक दिया और वहां से फरार हो गया। बता दें कि जब मंदिर के पुजारी को शव दिखी, तो पुजारी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त की और आगे की कार्रवाई शुरू की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।