1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Bird Flu: दिल्ली के इन इलाकों में चिकन की खरीद-बिक्री और पैकेजिंग पर प्रतिबंध, रेस्टोरेंट-होटलों को भी दी गई चेतावनी

Bird Flu: दिल्ली के इन इलाकों में चिकन की खरीद-बिक्री और पैकेजिंग पर प्रतिबंध, रेस्टोरेंट-होटलों को भी दी गई चेतावनी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 13, 2021 06:22 pm IST,  Updated : Jan 13, 2021 07:30 pm IST

उत्तरी दिल्ली नगर निगम और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली में बर्ड फ्लू के चलते अगले नोटिस तक पॉल्ट्री या प्रसंस्कृत ‘चिकन’ की बिक्री और भंडारण पर रोक लगा दी है।

bird flu Delhi north and south municipal corporation bans chicken buying and sale storage of poultry- India TV Hindi
bird flu Delhi north and south municipal corporation bans chicken buying and sale storage of poultry or processed  Image Source : PTI

नई दिल्ली। दिल्ली समेत देश के अलग-अलग 10 राज्यों में तेजी से फैल रहे बर्ड फ्लू को लेकर दिल्ली में अतिरिक्त सख्ती बरती जा रही है। दिल्ली में बर्ड फ्लू के मद्देनजर एनडीएमसी के बाद पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगमों ने भी पोल्ट्री या मुर्गे-मुर्गियों के प्रसंस्कृत मांस की बिक्री, भंडारण पर रोक लगा दी है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली में बर्ड फ्लू के चलते अगले नोटिस तक पॉल्ट्री या प्रसंस्कृत ‘चिकन’ की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाते हुए अपने आदेश में कहा है कि ग्राहकों को अंडा या कुक्कुट पक्षी आधारित मांस परोसने पर रेस्टोरेंट, होटलों के मालिकों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। 

आदेश के मुताबिक उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के अधीन आने वाली सभी मीट की दुकानों, मीट की प्रोसेसिंग इकाइयों, किसी भी अन्य स्थान पर जीवित मुर्गा व मुर्गियां इत्यादि रखने और उनका खरीद-बिक्री करने पर बैन लगाया गया है। साथ ही कहा गया है कि आदेश जनहित में जारी किया गया है और इसका पालन किया जाना चाहिए। निगम ने कहा, 'उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आने वाली मांस और पोल्ट्री की दुकानों, मांस प्रसंस्करण इकाइयों के पोल्ट्री या प्रसंस्कृत या पैक 'चिकन' को बेचने या रखने पर तत्काल प्रभाव से अगले आदेशों तक रोक लगा दी गई है।' 

गाजीपुर मुर्गा मंडी को भी किया गया है बंद 

बता दें कि दिल्ली की संजय झील में कई बत्तखों के मृत पाए जाने के बाद अधिकारियों ने इलाके को ‘अलर्ट क्षेत्र’ घोषित कर दिया था। बीते कुछ दिन में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के 14 पार्क में 91 कौवे मृत पाए गए थे। दिल्ली में मृत मिले कौओं और बत्तखों के नमूनों में बीते सोमवार को बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद दिल्ली सरकार ने शहर के बाहर से लाए गएप्रसंस्कृत (प्रोसेस्ड) और पैक चिकन की बिक्री पर रोक लगा दी थी। साथ ही गाजीपुर मुर्गा मंडी को भी बंद कर दिया गया है। बीते एक सप्ताह में पूर्वी दिल्ली के संजय झील इलाके में कई बत्तखें और शहर के अलग-अलग पार्कों में बड़ी संख्या में कौए मृत मिले हैं।

भोपाल की लैब में जांच से हुई एवियन इंफ्लुएंजा संक्रमण की पुष्टि

उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बीते दिनों कहा था कि अब तक केवल संजय झील की बत्तखों में ही बर्ड फ्लू संक्रमण पाया गया है। उन्होंने कहा था कि लोग घबराएं नहीं, चिंता की कोई बात नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली के तीन इलाकों से लिये गए आठ नमूनों में भोपाल स्थित प्रयोगशाला में जांच के दौरान एवियन इंफ्लुएंजा संक्रमण की पुष्टि हुई है। दिल्ली सरकार के विकास विभाग की पशुपालन इकाई के अध्यक्ष डॉक्टर राकेश सिंह ने कहा कि सभी आठ नमूनों में एवियन इंफ्लुएंजा का संक्रमण पाया गया है। इनमें से 4 नमूने मयूर विहार फेज-तीन के एक पार्क से, तीन संजय झील से और एक नमूना द्वारका से लिया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।