पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल यहां एक कैब चालक ने सड़क पार कर रहे एक युवक को टक्कर मार दी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस घटना को लेकर बताया कि टक्कर मारने के बाद आरोपी कैब ड्राइवर युवक को अस्पताल न ले जाकर उसने उसे अपनी कैब में बिठा दिया। इसके बाद ज्यादा खून बहने की वजह से युवक की मौत हो गई। इसके बाद कैब ड्राइवर ने युवक के शव को गुफा वाले मंदिर के पास सर्विस रोड पर फेंक दिया और वहां से फरार हो गया। बता दें कि जब मंदिर के पुजारी को शव दिखी, तो पुजारी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त की और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
कैब ड्राइवर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बता दें कि पुलिस ने इस मामले में गौतमपुरी के शास्त्री पार्क निवासी कैब चालक कपिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कैब, टूटी विंडशील्ड, मृतक के जूते और कार से खून के धब्बे बरामद किए हैं। पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि सोमवार को मंदिर के पास अचेत अवस्था में युवक का शव पड़े होने की सूचना मंदिर के पुजारी से मिली थी। इसके बाद मौके पुलिस की टीम पहुंची और एफएसएल की टीम भी पहुंची। इस दौरान शव को देखने पर पता चला कि युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें थीं। पुलिस ने जब शिनाख्त की तो पता चला कि युवक गाजियाबाद के शालीमार गार्डन का रहने वाला है, जिसका नाम रोहन कुमार है और उसकी उम्र 28 वर्ष है।
पुलिस ने सुनाई पूरी कहानी
पुलिस ने बताया कि वह दिल्ली नगर निगम में संविदा पर कार्यरत था और जिस वक्त वह ड्यूटी जा रहा था, उसी दौरान ये हादसा हुआ। पुलिस ने इलाके के 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में संदिग्ध कैब दिखी। बता दें कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कैब ड्राइवर ने अपने मोबाइल फोन को बंद कर लिया था, ताकि वह ट्रैकिंग से बच सके। लेकिन टेक्नीकल टीम की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया है। पूछताछ में आरोपी कैब ड्राइवर ने हादसे और फिर उसके बाद शव को फेंकने की बात कबूल ली है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कैब ड्राइवर पिछले एक साल से एक लॉजिस्टिक फर्म के लिए कैब चला रहा था।