1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. CM रेखा गुप्ता ने कहा, "दिल्ली में LPG की कोई कमी नहीं, घबराहट में भीड़ ना लगाएं, सिलेंडर की समय पर होम डिलीवरी करेंगे"

CM रेखा गुप्ता ने कहा, "दिल्ली में LPG की कोई कमी नहीं, घबराहट में भीड़ ना लगाएं, सिलेंडर की समय पर होम डिलीवरी करेंगे"

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 04, 2026 11:28 pm IST,  Updated : Apr 04, 2026 11:30 pm IST

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि दिल्ली में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि घबराहट में भीड़ ना लगाएं।

Rekha Gupta- India TV Hindi
सीएम रेखा गुप्ता Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने साफ कहा है कि दिल्ली में एलपीजी की कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी पर नकेल कसने के लिए कंट्रोल रूप भी स्थापित किया गया है और छापेमारी भी की जा रही है।

CMO Delhi ने एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी

CMO Delhi ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति पूर्णतः स्थिर है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके तहत आज 22 स्थानों पर छापेमारी की गई है और एक एफआईआर दर्ज की गई है। निगरानी लगातार जारी है। जनता से अनुरोध है कि घबराहट में अनावश्यक भीड़ न लगाएं। एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और सिलेंडर की समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 011-23379836 और 8383824659 पर संपर्क किया जा सकता है।"

3 अप्रैल को कितनी बुकिंग और कितने सिलेंडर वितरित हुए?

सीएम रेखा गुप्ता ने नए सरकारी आंकड़ों को जारी करते हुए ये भी बताया कि 3 अप्रैल को कितनी बुकिंग दर्ज की गईं और कितने सिलेंडर वितरित हुए। सीएम रेखा ने बताया, "3 अप्रैल को 1,11,504 से अधिक बुकिंग दर्ज की गईं, 3 तेल विपणन कंपनियों ने 1,26,379 सिलेंडर वितरित किए।"

इस दौरान सीएम रेखा ने ये भी कहा कि दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की औसत डिलीवरी का समय अब ​​घटकर 4 दिन हो गया है। इससे अब जनता को समय पर और घर तक सेवा मिलेगी।

इससे पहले सीएमओ ने प्रदूषण को लेकर किए जा रहे सरकार के कामों के बारे में भी जानकारी दी थी और एक्स पर पोस्ट कर कहा था, "प्रदूषण नियंत्रण के लिए दिल्ली सरकार शॉर्ट, मिड और लॉन्ग टर्म समाधान पर काम कर रही है। 4000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें, मजबूत मेट्रो नेटवर्क, बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लोग निजी गाड़ियों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल करें। साथ ही, ग्रीन कवर बढ़ाकर दिल्ली को साफ, प्रदूषण मुक्त और हरित बनाने की दिशा में काम जारी है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।