1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली चुनाव: भाजपा का 'संकल्प पत्र' जारी, महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का ऐलान

दिल्ली चुनाव: भाजपा का 'संकल्प पत्र' जारी, महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का ऐलान

 Reported By: Sanjay Sah Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jan 17, 2025 09:28 am IST,  Updated : Jan 17, 2025 03:02 pm IST

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भाजपा ने आज 'संकल्प पत्र' जारी कर दिया है। भाजपा ने संकल्प पत्र में दिल्ली की गरीब महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का ऐलान किया है।

भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र।- India TV Hindi
भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र। Image Source : INDIA TV

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग की तारीख सामने आ रही है। दिल्ली में मुख्य मुकाबला, आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच होने जा रहा है। सभी दल अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं और जनता को लुभाने के लिए एक के बाद एक बड़े वादे कर रहे हैं। वहीं, अब भारतीय जनता पार्टी भी शुक्रवार को अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। दिल्ली चुनाव को लेकर भाजपा तीन भाग में संकल्प पत्र जारी करेगी। पहले पार्ट को आज शुक्रवार को जारी कर दिया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली की गरीब महिलाओं के लिए हर महीने 2500 रुपये देने का ऐलान किया है।

जेपी नड्डा की प्रेस कॉन्फ्रेंस

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली BJP प्रदेश कार्यालय में कहा- "मेनिफेस्टो पहले भी आते थे, लेकिन आप भी भूल जाते थे और राजनीतिक पार्टियां भी भूल जाती थी कि उन्होंने क्या कहा था। लेकिन ये राजनीतिक संस्कृति का परिवर्तन है कि आज मेनिफेस्टो 'संकल्प पत्र' में परिवर्तित हो गया है। संकल्प से सिद्धि की ओर जाने का मंत्र भी हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने दिया है। भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड है कि जो कहा था, वो किया है और जो नहीं कहा था वो भी करके दिया है। इसलिए एक वाक्य भारत और दिल्ली की जनता के मन में समा गया है कि 'मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की भी गारंटी है'। हमने गरीब कल्याण, सुशासन, गुड गवर्नेंस, महिला सम्मान, विकास, युवाओं और किसानों का सशक्तिकरण और मजदूर वर्ग को मुख्य धारा में लाने को अपना objective बनाया और आज मुझे खुशी है कि नीति आयोग के अनुसार 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल आए हैं।"

महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को ऐलान किया है कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश की गरीब महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी और होली, दीवाली पर एक एक सिलेंडर फ्री दिया जाएगा। इसके साथ ही जेपी नड्डा ने ये भी बताया कि दिल्ली में जो जन कल्याण की योजनाएं चल रही हैं, वो सारी योजनाएं भाजपा की सरकार बनने पर भी जारी रहेंगी। उन सभी योजनाओं का ज्यादा कारगर तरीके से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा और उन्हें भ्रष्टाचार से मुक्त भी किया जाएगा।

जनता से सुझाव लेकर बना संकल्प पत्र

जेपी नड्डा ने बताया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव  के लिए भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र को दिल्ली के मतदाताओं के सुझाव पर तैयार किया गया है। लगभग 1 लाख 80 हजार फीडबैक हमें मिले हैं। 12 हजार छोटी-बड़ी सभाओं के माध्यम से चर्चा की गई और 41 LED Vans के माध्यम से विचार एकत्र किए गए हैं। नड्डा ने कहा कि आज अपने संकल्प पत्र का पहला भाग मैं आपके सामने जारी कर रहा हूं। दूसरा और तीसरा भाग भी जल्द ही आपके सामने रिलीज किया जाएगा।

कब है दिल्ली में चुनाव?

दिल्ली विधानसभा का चुनाव त्रिकोणीय हो गया है। यहां आम आदमी पार्टी, भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। कांग्रेस भी पूरे दमखम से चुनाव मैदान में उतर रही है। दिल्ली में 70 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव एक ही चरण में संपन्न कराया जाएगा। चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 5 फरवरी 2025 की तारीख को होगी। वहीं, चुनाव का परिणाम 8 फरवरी 2025 को जारी किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- दिल्ली विधानसभा चुनाव: अब तक 841 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन, इन चर्चित चेहरों ने भरा पर्चा

दिल्ली विधानसभा चुनाव: डेमोक्रेसी डिस्काउंट के तहत मिलेगी 20% की छूट, वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए MCD की अनोखी पहल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।