1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली चुनावों के लिए कांग्रेस ने जारी की पहली लिस्ट, जानें किसे कहां से मिला टिकट

दिल्ली चुनावों के लिए कांग्रेस ने जारी की पहली लिस्ट, जानें किसे कहां से मिला टिकट

 Reported By: Vijai Laxmi, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Dec 12, 2024 09:28 pm IST,  Updated : Dec 12, 2024 11:41 pm IST

Delhi Assembly Election 2025: कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में बल्लीमारां से हारून यूसुफ, चांदनी चौक से मुदित अग्रवाल, बादली से दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और द्वारका से आदर्श शास्त्री को उतारा गया है।

Delhi Assembly Election 2025, Delhi Assembly Election, Congress Candidates List- India TV Hindi
कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। Image Source : PTI

Delhi Assembly Election 2025: कांग्रेस ने दिल्ली में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी ने 21 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। पार्टी ने बल्लीमारां से हारून यूसुफ, चांदनी चौक से मुदित अग्रवाल, बादली से दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और द्वारका से आदर्श शास्त्री को उतारा गया है। इन चुनावों की सबसे हॉट सीट नई दिल्ली बन गई है क्योंकि कांग्रेस ने AAP मुखिया अरविंद केजरीवाल के खिलाफ यहां से संदीप दीक्षित को टिकट दिया है। बता दें कि लोकसभा चुनाव कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करके लड़ा था, लेकिन विधानसभा चुनावों में दोनों दल अलग-अलग ताल ठोक रहे हैं।

नई दिल्ली सीट पर सबसे बड़ा मुकाबला

नई दिल्ली विधानसभा सीट पर इन चुनावों के सबसे बड़े मुकाबले की बिसात बिछ चुकी है। संदीप दीक्षित के पास केजरीवाल से अपनी दिवंगत मां और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की हार का बदला लेने का भी मौका है। बता दें कि 2013 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में अरविंद केजरीवाल ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर चुनावी राजनीति में शानदार आगाज किया था। उसके बाद से एक नेता के रूप में अरविंद केजरीवाल का ग्राफ बढ़ता ही गया। हालांकि कुछ महीने पहले वह विवादों में ऐसा फंसे कि उन्हें दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा।

यहां देखें कांग्रेस की पूरी लिस्ट

'एक मजबूत विपक्ष के रूप में चुनाव लड़ेंगे'

बता दें कि यह खबर पहले ही आ गई थी कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति यानी कि CEC ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है। CEC की बैठक के बाद कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने बताया था कि 21 सीटों पर चर्चा की गई और इन पर उम्मीदवरों के नामों को स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने कहा था, ‘हम एक मजबूत विपक्ष के रूप में चुनाव लड़ेंगे। दोनों दल, आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी आरोप-प्रत्यारोप करते हैं, लेकिन आने वाले समय में ऐसा नहीं होगा।’

'चुनाव क्यों नहीं लड़ेंगे? निश्चित रूप से लड़ेंगे'

वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा था, ‘सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। प्रत्याशियों में अनुभवी और युवा दोनों तरह के चेहरे दिखेंगे।’ यह पूछे जाने पर कि क्या वह खुद चुनाव लड़ेंगे तो यादव ने कहा, ‘क्यों नहीं लड़ेंगे? निश्चित रूप से लड़ेंगे। मेरे साथ इसमें कई वरिष्ठ नेताओं के नाम होंगे।’ बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में होने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा था कि निश्चित ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सामने एक मजबूत चेहरा देखने को मिलेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।