1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'मर जाऊंगा लेकिन अपनी जन्मभूमि के बारे में ऐसा नहीं बोलूंगा', अरविंद केजरीवाल पर बिफरे हिमंत विश्व शर्मा

'मर जाऊंगा लेकिन अपनी जन्मभूमि के बारे में ऐसा नहीं बोलूंगा', अरविंद केजरीवाल पर बिफरे हिमंत विश्व शर्मा

 Published : Jan 29, 2025 08:17 pm IST,  Updated : Jan 29, 2025 08:17 pm IST

हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि केजरीवाल का यह बयान उनकी मानसिकता को दर्शाता है। मैंने कई राजनेता देखे हैं लेकिन ऐसा राजनेता कभी नहीं देखा जो अपनी जन्मभूमि के बारे में गलत बोलता हो।

Himanta vishwa sarma- India TV Hindi
हिमंत विश्व शर्मा और अरविंद केजरीवाल Image Source : FILE

नई दिल्ली: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर उनके “हरियाणा द्वारा यमुना के पानी को जहरीला बनाने” के आरोप को लेकर निशाना साधा और कहा कि यह बयान दिल्ली के पूर्व सीएम की “मानसिकता” को दर्शाता है। हिमंत विश्व शर्मा ने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल अपने जन्मस्थान हरियाणा के खिलाफ ऐसा आरोप कैसे लगा सकते हैं। बीजेपी नेता ने कहा कि वह अपने जन्मस्थान के बारे में गलत बोलने के बजाय मरना पसंद करेंगे।

केजरीवाल ने एक नई कहानी शुरू की

हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, "प्रदूषित यमुना नदी के मुद्दे को भटकाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने एक नई कहानी शुरू की और कहा कि हरियाणा दिल्ली को प्रदूषित पानी की आपूर्ति कर रहा है। वह अपनी जन्मभूमि के लिए ऐसा कैसे बोल सकते हैं...मैं मर जाऊंगा लेकिन अपनी जन्मभूमि के बारे में कभी गलत नहीं बोलूंगा। अरविंद केजरीवाल का यह बयान उनकी मानसिकता को दर्शाता है...मैंने कई राजनेता देखे हैं लेकिन ऐसा राजनेता कभी नहीं देखा जो अपनी जन्मभूमि के बारे में गलत बोलता हो।"

दिल्ली में ‘जहर मिला हुआ’ पानी भेजने का आरोप

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को बीजेपी शासित हरियाणा पर यमुना नदी में ‘जहर’ मिलाने का आरोप लगाया था। आप संयोजक ने कहा कि एक तिहाई दिल्ली इसके कारण पेयजल की कमी से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग ‘अराजकता’ फैलाने और आप को दोषी ठहराने के लिए दिल्ली में ‘जहर मिला हुआ’ पानी भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैविक हथियारों का इस्तेमाल और नदियों में जहर मिलाने जैसी हरकतें युद्ध में शामिल देशों के मामले में सुनी गई हैं। 

बड़े पैमाने पर हो जाता नरसंहार-केजरीवाल

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ‘‘हरियाणा से भाजपा के लोग पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर यह पानी दिल्ली वासियों ने पी लिया तो कई लोगों की जान चली जाएगी। क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है? जो जहर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वह जल शोधन संयंत्र में भी साफ नहीं हो सकता। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाकों में पानी बंद करना पड़ रहा है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली के लोगों की ‘‘सामूहिक हत्या’’ करना चाहती है लेकिन आप ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के सतर्क इंजीनियरों ने प्रदूषित पानी को राष्ट्रीय राजधानी में आने से रोक दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर वह पानी दिल्ली में आ जाता और पीने के पानी में मिल जाता, तो बड़े पैमाने पर नरसंहार हो जाता।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।