1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने किसानों को दिया मुआवजा, जानिए किन लोगों को मिला लाभ

दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने किसानों को दिया मुआवजा, जानिए किन लोगों को मिला लाभ

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 31, 2022 02:43 pm IST,  Updated : Jan 31, 2022 02:43 pm IST

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोई देश या राज्य अगर किसानों का सम्मान और उनकी मदद नहीं करता है तो वह समृद्ध नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अभी तक फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI FILE PHOTO

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को उन किसानों को मुआवजा दिया, जिनकी फसल पिछले साल अक्टूबर में बेमौसम बारिश के कारण बर्बाद हो गयी थी। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि जनवरी में सरसों की फसल को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए एक सर्वेक्षण जल्द ही शुरु किया जाएगा ताकि मुआवजा तय किया जा सके। 

केजरीवाल ने कहा कि कोई देश या राज्य अगर किसानों का सम्मान और उनकी मदद नहीं करता है तो वह समृद्ध नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अभी तक फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भुगतान में किसी भी दिक्कत से बचने के लिए मुआवजा तय करने के वास्ते एक आसान फॉर्मूला अपनाया है। अगर 70 प्रतिशत से कम नुकसान हुआ है तो 70 फीसदी मुआवजा तय किया गया है और अगर 70 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है तो 100 फीसदी मुआवजा तय किया गया है। मुआवजा प्रति एकड़ 20,000 रुपये की दर से तय किया गया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दिल्ली में किसानों के बेटे और भाई की तरह हैं और उनके लिए उनकी सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं। दिल्ली में 45,000 किसानों को करीब 55 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। इन किसानों की फसल पिछले साल अक्टूबर में बेमौसम बारिश के कारण बर्बाद हो गयी थी। राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत और मुख्य सचिव विजय देव ने उम्मीद जतायी कि संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि का जल्द से जल्द भुगतान कर दिया जाए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।