दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को प्रदेश के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के साथ वासुदेव घाट और यमुना बाजार घाट का दौरा कर स्वच्छता, बुनियादी ढांचे और चल रहे पुनर्जीवन कार्यों की समीक्षा की है। सीएम रेखा गुप्ता ने इस दौरे को लेकर कहा कि स्वच्छ यमुना का जो वादा हमने दिल्ली से किया था, उसे अब तेजी से ज़मीन पर उतारा जा रहा है।
कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं- CM
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वासुदेव घाट और यमुना बाजार घाट के दौरे के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को यमुना से गाद निकालने के कार्य को मिशन मोड में तेज करने और मानसून से पहले सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश भी दिए हैं।
यमुना हमारी आस्था और विरासत की धारा- CM
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना हमारी आस्था और विरासत की धारा है, और इसके तटों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ यमुना का संकल्प पूरी प्रतिबद्धता के साथ जमीन पर लागू किया जा रहा है।
सोमवार को भी मिले थे राज्यपाल और सीएम
आपको बता दें कि इससे पहले सोमवार को भी दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जी से मुलाकात की थी। सीएम रेखा गुप्ता ने इस मुलाकात के बारे में कहा था- "माननीय उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जी से भेंट कर आगामी गर्मियों के लिए दिल्ली सरकार की तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान जल आपूर्ति, बिजली प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं और आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। हमारा लक्ष्य है कि गर्मी के मौसम में दिल्लीवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दिल्ली सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है और पूरी तरह तैयार है, ताकि नागरिकों को सुचारु सेवाएं और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।"
ये भी पढ़ें- दिल्लीवालों के लिए खुशखबरी, 1511 अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण का रास्ता साफ, जानें CM रेखा गुप्ता ने क्या कहा
सीएम रेखा गुप्ता ने LG तरनजीत सिंह संधू से की मुलाकात, गर्मियों की तैयारियों को लेकर की समीक्षा